Bihar Police Vacancy: बिहार पुलिस में होने वाली है बंपर बहाली! 20 हजार से ज्यादा पदों पर होगी नियुक्ति

बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. राज्य सरकार ने पुलिस विभाग को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है.

Bihar Police Vacancy Samrat government issued notification
Image Source: ANI

Bihar Police Vacancy: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. राज्य सरकार ने पुलिस विभाग को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है. गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार पुलिस विभाग में नियुक्ति और प्रोन्नति से जुड़े अहम फैसलों को लागू किया जा रहा है.

सरकार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक पुलिस अवर निरीक्षक (SI) समेत विभिन्न पदों पर कुल 20,937 रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया शुरू होगी. इनमें आधे पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी, जबकि बाकी पद विभागीय प्रमोशन के जरिए भरे जाएंगे. इस फैसले से एक तरफ नए अभ्यर्थियों को नौकरी का अवसर मिलेगा, वहीं विभाग में कार्यरत कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ भी मिलेगा.

10,468 पदों पर होगी सीधी भर्ती

गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार SI और समकक्ष पदों पर कुल 20,937 रिक्तियां स्वीकृत की गई हैं. इनमें से 10,468 पदों पर सीधी बहाली होगी. वहीं 10,469 पद विभागीय प्रोन्नति के जरिए भरे जाएंगे.

सरकार का कहना है कि लंबे समय से पुलिस विभाग में बड़ी संख्या में पद खाली पड़े थे, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में दबाव बढ़ रहा था. ऐसे में नए पदों के सृजन और भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पुलिस बल को मजबूती मिलेगी.

पुलिस विभाग में 48,447 नए पदों को मंजूरी

राज्य सरकार ने केवल SI भर्ती ही नहीं, बल्कि बिहार पुलिस में कुल 48,447 नए पदों के सृजन को भी मंजूरी दी है. बढ़ती आबादी और सुरक्षा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा फैसला लिया गया है. इस प्रस्ताव को बिहार मंत्रिपरिषद से भी मंजूरी मिल चुकी है.

इन नए पदों में पुलिस अवर निरीक्षक, सिपाही और चालक सिपाही समेत कई श्रेणियां शामिल हैं. सरकार का मानना है कि इससे आने वाले समय में राज्य की कानून-व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था बेहतर होगी.

ERSS परियोजना के तहत भी हजारों पद स्वीकृत

इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम (ERSS) परियोजना के दूसरे चरण के तहत भी बड़े पैमाने पर भर्ती का रास्ता साफ हुआ है. सरकार ने इस परियोजना के तहत कुल 19,288 पदों के सृजन को मंजूरी दी है.

इन पदों में पुलिस निरीक्षक, सब-इंस्पेक्टर, ASI, हवलदार और सिपाही शामिल हैं. परियोजना के तहत स्वीकृत पदों का विवरण इस प्रकार है:

  • पुलिस निरीक्षक – 259 पद
  • पुलिस अवर निरीक्षक (SI) – 1829 पद
  • सहायक अवर निरीक्षक (ASI) – 1218 पद
  • चालक हवलदार – 694 पद
  • चालक सिपाही – 2353 पद
  • हवलदार – 2943 पद
  • सिपाही – 9992 पद

कुल मिलाकर 19,288 पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है.

SI भर्ती में लागू होगा 50-50 फॉर्मूला

इस भर्ती प्रक्रिया का सबसे अहम हिस्सा पुलिस अवर निरीक्षक (SI) पदों को लेकर है. बिहार पुलिस हस्तक नियम के अनुसार SI के कुल पदों में 50 प्रतिशत पद प्रमोशन के जरिए भरे जाने का प्रावधान है. इसी नियम के तहत सरकार ने कुल रिक्तियों को दो बराबर हिस्सों में बांटा है.

इस फैसले से जहां नए उम्मीदवारों को भर्ती का मौका मिलेगा, वहीं विभाग में कार्यरत ASI कर्मियों को प्रमोशन मिलने का रास्ता भी खुलेगा.

युवाओं में उत्साह का माहौल

सरकार के इस फैसले के बाद बिहार में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि जल्द ही भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा विस्तृत विज्ञापन और परीक्षा कैलेंडर जारी किया जा सकता है.

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी अब भर्ती नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा.

ये भी पढ़ें- Census 2027: जनगणना में शामिल न होना पड़ सकता है भारी! जुर्माना और सजा दोनों का प्रावधान, जानें नियम