Khan Sir Coaching Attack: पटना में खान सर की कोचिंग संस्था खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद और उनके दो सहयोगियों अभिषेक तथा गौरव को गिरफ्तार किया है.
टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है. इस मामले में कन्हैया सिंह की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है.
कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
एफआईआर में चार लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 10 से 15 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है. घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग कोचिंग सेंटर के गार्ड के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे घटना की सूचना मिली थी. आरोप है कि कुछ लोगों ने कोचिंग सेंटर पर ईंट-पत्थर फेंके और वहां लगे होर्डिंग को नुकसान पहुंचाया.
गार्ड घायल, अस्पताल में इलाज जारी
हमले के दौरान गार्ड घायल हो गया. उसे इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है. पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच और सीसीटीवी फुटेज में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है.
छात्रों ने किया विरोध प्रदर्शन
घटना के बाद खान सर ने बुधवार की सभी क्लासें रद्द कर दीं. उन्होंने कहा कि घटना के समय माहौल काफी तनावपूर्ण था, इसलिए स्थिति को ठीक से समझ पाना मुश्किल था. एफआईआर में भी फायरिंग का कोई जिक्र नहीं किया गया है.
वहीं, कोचिंग के छात्रों ने इस घटना के खिलाफ प्रदर्शन किया. कई छात्र सड़क पर उतर आए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा.
ये भी पढ़ें- 'सस्ते फीस से कुछ लोगों को खतरा...' फायरिंग के बाद खान सर ने बताया किसने किया हमला! देखें Video