बिहार के भोजपुर जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां महज 200 रुपये के विवाद ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. तियर थाना क्षेत्र के तियर गांव में शुक्रवार को एक पति पर अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस ने मामले में आरोपी पति संतोष राम को गिरफ्तार कर लिया है.
200 रुपये को लेकर शुरू हुआ विवाद
मृतका की पहचान तियर गांव के वार्ड नंबर सात निवासी 29 वर्षीय सोनी देवी के रूप में हुई है. मृतका के ससुर रामाधार राम के मुताबिक, गुरुवार रात उनका बेटा पलदारी कर घर लौटा और पत्नी को 30 रुपये दिए. सोनी ने बताया कि उसे 130 रुपये मिलने थे, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई. रात में विवाद शांत हो गया और संतोष छत पर सोने चला गया.
सुबह फिर हुआ झगड़ा, घर में मिला शव
शुक्रवार सुबह संतोष ने पत्नी पर अपनी जेब से 200 रुपये निकालने का आरोप लगाया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया. रामाधार राम ने दोनों को समझाकर मामला शांत कराया और घर से बाहर चले गए. कुछ देर बाद जब वह लौटे तो घर में सोनी देवी का शव मिला. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और अपने बेटे पर ही बहू की हत्या का आरोप लगाया.
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
तियर थानाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामूली विवाद के बाद पति द्वारा पत्नी के साथ मारपीट किए जाने और उसकी मौत होने की बात सामने आई है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संतोष राम को गिरफ्तार कर लिया है. मृतका के भाई शिव शंकर कुमार की शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
छह साल पहले हुई थी शादी
सोनी देवी की शादी वर्ष 2020 में बिहिया थाना क्षेत्र के आनर गांव निवासी संतोष राम से हुई थी. दंपति के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा रतन कुमार और बेटी सृष्टि कुमारी शामिल हैं. मां की मौत के बाद दोनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया है. पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.