Elvish Yadav News: एल्विश यादव एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं, लेकिन इस बार वजह कोई शो, म्यूजिक वीडियो या सोशल मीडिया कंटेंट नहीं बल्कि उन्हें मिली जान से मारने की धमकी है. बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता एल्विश यादव को कथित तौर पर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी देने की धमकी मिली है.
दावा किया जा रहा है कि एल्विश और उनके पिता के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हॉट्सएप मैसेज भेजा गया, जिसमें बड़ी रकम की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई. इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया से लेकर मनोरंजन जगत तक हलचल मच गई है. मामले को गंभीरता से लेते हुए गुरुग्राम पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
2 दिन में मांगे गए 10 करोड़ रुपये
जानकारी के अनुसार एल्विश यादव को पहले एक विदेशी नंबर से व्हॉट्सएप कॉल की गई. हालांकि वह कॉल रिसीव नहीं कर सके. इसके बाद उनके फोन पर एक मैसेज आया, जिसमें 10 करोड़ रुपये की एक्सटॉर्शन मनी की मांग की गई. मैसेज में कथित तौर पर लिखा गया कि अगर दो दिनों के भीतर रकम नहीं दी गई तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा.
सिर्फ एल्विश ही नहीं, बल्कि उनके पिता के मोबाइल नंबर पर भी इसी तरह का धमकी भरा मैसेज भेजा गया. धमकी मिलने के बाद एल्विश यादव ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया और गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का जिक्र
एल्विश यादव की शिकायत के मुताबिक मैसेज भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी बताया. उसने अपना नाम रणदीप मलिक बताया और दावा किया कि वह गैंग से जुड़ा हुआ है.
मैसेज में कथित तौर पर यह भी कहा गया कि अगर तय समय के भीतर पैसे नहीं दिए गए तो एल्विश यादव और उनके परिवार को गोली मार दी जाएगी. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में किसी गैंग से जुड़ा है या फिर डर फैलाने के मकसद से किसी ने फर्जी पहचान का इस्तेमाल किया है.
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है. पुलिस विदेशी नंबर की डिटेल खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कॉल और मैसेज किस लोकेशन से भेजे गए. साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच भी की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. साथ ही एल्विश यादव और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
पहले भी हो चुका है हमला
यह पहली बार नहीं है जब एल्विश यादव किसी गंभीर सुरक्षा मामले को लेकर चर्चा में आए हों. इससे पहले अगस्त 2025 में उनके घर पर फायरिंग की घटना सामने आई थी. उस समय बाइक पर सवार बदमाशों ने उनके घर के बाहर कई राउंड गोलियां चलाई थीं. बताया गया था कि हमलावर तीन बाइकों पर पहुंचे थे और करीब दो दर्जन राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए थे.
उस मामले में पुलिस ने कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था. बाद में विदेश में बैठे भाऊ गैंग ने उस हमले की जिम्मेदारी ली थी. अब एक बार फिर धमकी और रंगदारी की घटना सामने आने के बाद एल्विश यादव की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें- सीएम बनते ही एक्शन में थलापति विजय, पूरा किया अपना सबसे बड़ा वादा, शपथ स्थल से ही जारी किया आदेश