SECL Apprentice Recruitment 2026: South Eastern Coalfields Limited ने अप्रेंटिस के पदों पर बड़ी भर्ती निकाली है. इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 17 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं. इस भर्ती के तहत कुल 1600 पद भरे जाएंगे, जिसमें ग्रेजुएट और टेक्नीशियन अप्रेंटिस दोनों शामिल हैं.
इस भर्ती में 500 पद ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए हैं, जबकि 1100 पद टेक्नीशियन अप्रेंटिस के लिए रखे गए हैं. यानी तकनीकी और सामान्य दोनों तरह के उम्मीदवारों के लिए यह अच्छा मौका है.
कौन कर सकता है आवेदन
ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित विषय में 4 साल की BE, B.Tech, BSc, BCom, BBA या BCA की डिग्री होना जरूरी है. वहीं टेक्नीशियन अप्रेंटिस के लिए संबंधित इंजीनियरिंग ब्रांच में 3 साल का डिप्लोमा होना चाहिए. ध्यान देने वाली बात यह है कि 1 साल या 2 साल के डिप्लोमा को मान्यता नहीं दी जाएगी. सिर्फ फुलटाइम और रेगुलर कोर्स करने वाले ही आवेदन कर सकते हैं.
उम्र सीमा क्या है
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 31 मार्च 2026 तक 18 साल होनी चाहिए. इस भर्ती में अधिकतम उम्र सीमा या कैटेगरी के आधार पर कोई छूट नहीं दी गई है.
कैसे करें आवेदन
उम्मीदवारों को सबसे पहले SECL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां ‘अप्रेंटिस भर्ती 2026’ से जुड़ा लिंक मिलेगा, जिस पर क्लिक करके रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद आवेदन फॉर्म में अपनी पर्सनल और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी. जरूरी दस्तावेज, फोटो और साइन अपलोड करने के बाद फॉर्म को सबमिट करना होगा. अंत में भविष्य के लिए फॉर्म का प्रिंटआउट जरूर रख लें.
चयन प्रक्रिया कैसे होगी
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग के जरिए किया जाएगा. इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट होगा. जो उम्मीदवार इन सभी चरणों को पास करेंगे, उन्हें ही अंतिम रूप से चयनित किया जाएगा.
कितना मिलेगा स्टाइपेंड
चयनित उम्मीदवारों को हर महीने स्टाइपेंड दिया जाएगा. यह राशि लगभग 10,900 रुपये से लेकर 12,300 रुपये प्रति माह तक हो सकती है, जो सरकारी नियमों के अनुसार तय होगी.
ये भी पढ़ें- Bihar: पटना के अब इस शहर में बनेगा 16 किमी लंबा मरीन ड्राइव, मंत्री ने किया ऐलान; जानें सबकुछ