IPL 2026: भुवनेश्वर कुमार हासिल करने वाले हैं बड़ा मुकाम, आज तक किसी तेज गेंदबाज ने नहीं किया ये कमाल

Bhuvneshwar Kumar 200 Matches: आईपीएल में तेज गेंदबाजी का नाम आते ही भुवनेश्वर कुमार की तस्वीर सामने आती है. इस सीजन RCB के तेज गेंदबाज ने अपने शानदार प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया है.

bhuvneshwar kumar 200 matches in ipl lsg vs rcb cricket News
Image Source: ANI

Bhuvneshwar Kumar 200 Matches: आईपीएल में तेज गेंदबाजी का नाम आते ही भुवनेश्वर कुमार की तस्वीर सामने आती है. इस सीजन RCB के तेज गेंदबाज ने अपने शानदार प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया है. अब भुवी एक और बड़ी उपलब्धि की ओर बढ़ रहे हैं. लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ मैच में उतरते ही भुवनेश्वर कुमार आईपीएल में 200 मैचों का मुकाम पूरा कर लेंगे. खास बात यह है कि ऐसा करने वाले वे पहले तेज गेंदबाज होंगे.

आरसीबी ने छोड़ा, पुणे ने पकड़ लिया

भुवनेश्वर कुमार की आईपीएल यात्रा 2010 में शुरू हुई थी, जब उन्हें आरसीबी ने 6 लाख रुपये में खरीदा. हालांकि, उन्हें उस सीजन एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला और आरसीबी ने उन्हें रिलीज़ कर दिया. इसके बाद पुणे वॉरियर्स इंडिया ने भुवी को 20 लाख रुपये में खरीदा. पुणे टीम में उन्होंने 2011 से 2013 तक खेलते हुए लगातार सुधार दिखाया. डेब्यू सीजन में 3 विकेट लिए, अगले साल 8 और 2013 में 13 विकेट चटकाए. भुवी की किफायती गेंदबाजी और लगातार प्रदर्शन ने उनके करियर को आगे बढ़ाया.

सनराइजर्स हैदराबाद के साथ बने स्टार

2014 में सनराइजर्स हैदराबाद ने भुवनेश्वर कुमार को 4.25 करोड़ रुपये में खरीदा. टीम में रहते हुए उन्होंने अपने प्रदर्शन के दम पर सैलरी बढ़ाकर 2018 में 8.50 करोड़ रुपये और अब RCB में 10.75 करोड़ रुपये तक पहुंचा ली. भुवी की रणनीति और मैच में समझ उन्हें अन्य गेंदबाजों से अलग बनाती है.

विराट कोहली ने की जमकर तारीफ

200 मैचों के मुकाम से पहले विराट कोहली ने भुवनेश्वर कुमार की खूब सराहना की. विराट ने उन्हें आईपीएल के सर्वकालिक टॉप 3 गेंदबाजों में गिना और कहा कि 200 मैच खेलना लगातार मेहनत और समर्पण का प्रतीक है. विराट ने भुवी की इकॉनमी, विकेट और डॉट गेंदों की रणनीति की भी तारीफ की और कहा कि हर बार उन पर भरोसा किया जा सकता है.

भुवी का आईपीएल रिकॉर्ड

अबतक 199 मैचों में भुवनेश्वर कुमार ने 215 विकेट चटकाए हैं. इस सीजन उन्होंने 9 मैचों में 17 विकेट लिए हैं और पर्पल कैप की दौड़ में आगे हैं. भुवी इससे पहले दो बार पर्पल कैप जीत चुके हैं और इस बार भी उनकी नजर इसी पर है. तेज गेंदबाजी, किफायती प्रदर्शन और मैच में रणनीति की समझ ने भुवी को आईपीएल के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में शामिल कर दिया है.

ये भी पढ़ें: LSG vs RCB: आज IPL में बेंगलुरु से भिड़ेगी लखनऊ; जानिए पिच रिपोर्ट, प्लेइंग 11 और हेड टू हेड रिकॉर्ड