भोपाल: करवाचौथ के दिन भोपाल में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. अवधपुरी थाना क्षेत्र में रहने वाली 44 वर्षीय आरती कुर्रे की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि करवाचौथ पर ब्यूटी पार्लर जाने को लेकर उनका अपने पति अनिल कुर्रे से विवाद हुआ था. घटना के बाद पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें लिखा था, ‘थैंक्यू हसबैंड, जा रही हूं, खुश रहो.’ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ब्यूटी पार्लर जाने को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, करवाचौथ के मौके पर आरती ब्यूटी पार्लर जाना चाहती थीं. आरोप है कि उनके पति अनिल ने उन्हें पार्लर ले जाने से मना कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई. घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया.
कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो हुई चिंता
घटना के समय आरती के ससुर घर में सो रहे थे, जबकि उनका 14 वर्षीय बेटा स्कूल गया हुआ था. इसी दौरान आरती एक कमरे में चली गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आईं और आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, तो परिवार को चिंता हुई.
इसके बाद उनके पति अनिल को घर बुलाया गया. बताया जा रहा है कि अनिल ने कमरे की खिड़की का कांच तोड़कर अंदर देखा, जहां आरती नीचे पड़ी मिलीं. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
सुसाइड नोट में लिखे थे ये शब्द
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है. इसमें लिखा था, ‘थैंक्यू हसबैंड, जा रही हूं, खुश रहो.’ फिलहाल अवधपुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस महिला की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
करवाचौथ पर जहां महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं, वहीं भोपाल की इस घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है.