भारतीय कपड़े पहनकर डिनर के लिए पहुंचे बेंजामिन नेतन्याहू, पीएम मोदी को दिया सरप्राइज, देखें VIDEO

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ डिनर से पहले एक खास सरप्राइज दिया.

Benjamin Netanyahu surprises PM Modi by wearing Indian clothes
Image Source: Social Media

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ डिनर से पहले एक खास सरप्राइज दिया. उन्होंने पारंपरिक भारतीय स्टाइल के कपड़े पहनकर सभी को चौंका दिया. इस खास पल का वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेयर किया, जिसमें उनका अलग अंदाज साफ नजर आया.

वीडियो में नेतन्याहू सफेद फुल स्लीव शर्ट के ऊपर हल्के ग्रे रंग की स्लीवलेस जैकेट में नजर आए, जो भारतीय पारंपरिक जैकेट जैसी दिख रही थी. इसके साथ उन्होंने डार्क रंग की फॉर्मल पैंट और काले जूते पहने थे. उन्होंने अपने पोस्ट में हिंदी में लिखा कि संयुक्त रात्रिभोज से पहले उन्होंने अपने मित्र पीएम मोदी को भारतीय परिधान पहनकर सरप्राइज दिया.

नेसेट में पीएम मोदी का ऐतिहासिक संबोधन

इस दौरान पीएम मोदी ने यरुशलम स्थित नेसेट के विशेष सत्र को संबोधित किया. इसके साथ ही वे इजरायल की संसद को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन गए. नेसेट पहुंचने पर स्पीकर अमीर ओहाना ने उनका स्वागत किया और उन्हें औपचारिक सम्मान दिया गया.

सम्मान और दोस्ती का संदेश

अपने संबोधन की शुरुआत में पीएम मोदी ने इस सम्मान के लिए धन्यवाद दिया. उन्हें ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट’ पदक से सम्मानित किया गया, जिसे उन्होंने भारत और इजरायल की मजबूत दोस्ती और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को समर्पित किया.

भारत-इजरायल रिश्तों पर जोर

पीएम मोदी ने अपने भाषण में दोनों देशों के प्राचीन संबंधों के साथ-साथ आधुनिक साझेदारी पर भी बात की. उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, रक्षा और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है. साथ ही कृषि, जल प्रबंधन, ग्रामीण विकास और स्टार्टअप सेक्टर में साझेदारी से लोगों के बीच रिश्ते और गहरे हुए हैं.

प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत और इजरायल की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को दोहराया. उन्होंने 7 अक्टूबर को इजरायल में हुए आतंकी हमले पर गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि ऐसी बर्बरता को किसी भी रूप में सही नहीं ठहराया जा सकता. उन्होंने क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए किए जा रहे प्रयासों को भारत का पूरा समर्थन देने की बात भी कही.

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी को मिला इजराइल का 'स्पीकर ऑफ द नेसेट' मेडल, फिलिस्तीन से भी मिल चुका है सर्वोच्च सम्मान