Bengal CM Oath: पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार 9 मई 2026 का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. आजादी के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है. कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कई राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. सुवेंदु अधिकारी के साथ पांच मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा.
इस ऐतिहासिक मौके पर भाजपा समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला. पूरे कोलकाता में जश्न का माहौल रहा और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचे. भाजपा नेताओं ने इसे पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत बताया.
बंगाल के पहले भाजपाई मुख्यमंत्री बने सुवेंदु अधिकारी
राज्यपाल आरएन रवि ने सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई. इसके साथ ही वह पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बन गए. मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे.
Kolkata | BJP leader Suvendu Adhikari took oath as the first BJP Chief Minister of West Bengal since independence pic.twitter.com/ZoMOINT6RX
— ANI (@ANI) May 9, 2026
शपथ लेने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह जिम्मेदारी उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्वास और पार्टी के समर्थन से मिली है. उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने परिवर्तन के लिए वोट दिया है और नई सरकार राज्य के विकास, कानून व्यवस्था और सुशासन पर फोकस करेगी.
भाजपा विधायक दल ने सर्वसम्मति से चुना था नेता
इससे पहले भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया था. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए कहा था कि पार्टी ने बंगाल में नए नेतृत्व पर भरोसा जताया है.
विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के तुरंत बाद सुवेंदु अधिकारी ने राज्यपाल आरएन रवि से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था. उस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे. पार्टी नेताओं का कहना था कि बंगाल की जनता ने भाजपा को स्पष्ट जनादेश देकर राज्य में नई राजनीतिक दिशा तय की है.
पांच मंत्रियों ने भी ली शपथ
सुवेंदु अधिकारी के साथ पांच मंत्रियों ने भी शपथ ली. सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल छोटी कैबिनेट के साथ सरकार की शुरुआत की गई है और बाद में विस्तार किया जाएगा. नई सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती कानून व्यवस्था, प्रशासनिक सुधार और चुनाव के दौरान किए गए वादों को लागू करना मानी जा रही है.
भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य में लंबे समय से राजनीतिक हिंसा और प्रशासनिक अव्यवस्था की शिकायतें सामने आती रही हैं और नई सरकार इन मुद्दों पर प्राथमिकता के साथ काम करेगी.
भाजपा नेताओं ने बताया ऐतिहासिक क्षण
भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे उपयुक्त चेहरा बताया. उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में अधिकारी ने विधानसभा के अंदर और बाहर लगातार संघर्ष किया और पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई.
भाजपा नेता खगेन मुर्मू ने इस जीत को कार्यकर्ताओं के संघर्ष की जीत बताया. उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने अत्याचार, हिंसा और घुसपैठ के खिलाफ मतदान किया है. वहीं भाजपा सांसद सौमित्र खान ने इसे “सही विचारधारा की जीत” करार दिया.
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था बहाल करना नई सरकार की पहली प्राथमिकता होगी. भाजपा के अन्य नेताओं ने भी इसे बंगाल के राजनीतिक इतिहास में बड़ा बदलाव बताया.
‘विकसित भारत’ के लक्ष्य पर जोर
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सुवेंदु अधिकारी को बधाई देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल अब विकसित भारत के संकल्प को और मजबूती देगा. भाजपा नेताओं ने दावा किया कि नई सरकार राज्य को विकास की नई दिशा देने का काम करेगी.
हालांकि सरकार गठन के बीच राजनीतिक तनाव भी चर्चा में बना हुआ है. सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक और पूर्व वायुसेना कर्मी चंद्रनाथ रथ की हाल ही में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अधिकारी ने इस घटना को सुनियोजित साजिश बताते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की थी. मामले की जांच पश्चिम बंगाल पुलिस और सीआईडी कर रही है.
टैगोर जयंती के दिन हुआ शपथ ग्रहण
दिलचस्प बात यह रही कि शपथ ग्रहण समारोह गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के दिन आयोजित किया गया. भाजपा नेताओं ने इसे बंगाल की सांस्कृतिक विरासत और राजनीतिक बदलाव के प्रतीक के तौर पर पेश किया.
समारोह में बंगाली संस्कृति की झलक भी देखने को मिली और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम का हिस्सा बने.
2026 चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत
2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 207 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया. वहीं पिछले 15 वर्षों से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई.
सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ा था. भवानीपुर सीट पर उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक वोटों से हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया था. भाजपा इसे बंगाल की राजनीति का सबसे बड़ा परिवर्तन मान रही है.
ये भी पढ़ें- Dhurandhar 2: 51वें दिन भी 'धुरंधर 2' की कमाई जारी, बॉक्स ऑफिस पर मचाई धूम, अब तक कितना हुआ कलेक्शन?