BCCI On Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर अब बीसीसीआई का भी बड़ा बयान सामने आया है. महज 15 साल की उम्र में वैभव ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी कर क्रिकेट जगत को प्रभावित किया है.
राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए वैभव ने आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा 776 रन बनाए. उन्होंने पूरे सीजन में 237.30 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए और कई मैचों में अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
बीसीसीआई सचिव ने की जमकर तारीफ
आईपीएल 2026 के खत्म होने के बाद बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने वैभव की तारीफ करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की बात कही. उन्होंने कहा, "यह शानदार सीजन रहा. मैं उम्मीद करता हूं कि सभी प्रशंसकों ने इस आईपीएल का भरपूर आनंद लिया होगा. लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के लिए आरसीबी को बधाई. वैभव सूर्यवंशी एक बेहतरीन उभरते हुए खिलाड़ी हैं और उनका भविष्य बहुत उज्ज्वल है. बीसीसीआई उन्हें क्रिकेट के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा." सैकिया के इस बयान को वैभव के लिए बड़े समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है.
सबसे कम उम्र में जीती ऑरेंज कैप
वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. वह आईपीएल इतिहास में ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए. उन्होंने सिर्फ 15 साल और 65 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की. इससे पहले यह रिकॉर्ड साई सुदर्शन के नाम था, जिन्होंने 2025 में 23 साल की उम्र में ऑरेंज कैप जीती थी. वहीं शुभमन गिल भी युवा उम्र में यह सम्मान हासिल कर चुके हैं.
महिला टी20 विश्व कप को लेकर भी जताया भरोसा
बीसीसीआई सचिव ने आगामी महिला टी20 विश्व कप को लेकर भी उम्मीद जताई. उन्होंने कहा कि भारतीय महिला टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है और इस बार भी उससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है.
क्या जल्द मिलेगी टीम इंडिया में जगह?
आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप जीतने के साथ-साथ वैभव ने कई व्यक्तिगत पुरस्कार भी अपने नाम किए. पूरे सीजन में उनके प्रदर्शन ने यह दिखा दिया कि वह भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में से एक हैं.
अब बीसीसीआई सचिव के बयान के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि क्या वैभव सूर्यवंशी को जल्द ही भारत की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की जर्सी में खेलने का मौका मिल सकता है. क्रिकेट फैंस भी अब उनके अगले कदम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- ईरान की रडार-ड्रोन साइट्स पर US का हमला, IRGC ने अमेरिकी बेस को बनाया निशाना, फिर छिड़ेगी भीषण जंग?