Bank Holidays in India 2026: जून का आखिरी सप्ताह शुरू हो चुका है. अगर आप बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले यह जरूर पता कर लें कि आपके शहर में बैंक खुला है या बंद. कई बार लोग बैंक पहुंच जाते हैं और छुट्टी होने की वजह से उन्हें बिना काम के वापस लौटना पड़ता है.
25 जून को मुहर्रम के अवसर पर आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में बैंक बंद रहेंगे. हालांकि देश के बाकी ज्यादातर शहरों में बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे और ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं मिलती रहेंगी.
26 जून को कई बड़े शहरों में नहीं खुलेंगे बैंक
26 जून को मुहर्रम के कारण देश के कई प्रमुख शहरों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. इस दिन अगरतला, आइजोल, बेलापुर, बेंगलुरु, भोपाल, चेन्नई, हैदराबाद, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना, रायपुर, रांची और श्रीनगर में बैंकिंग सेवाएं शाखाओं के माध्यम से उपलब्ध नहीं होंगी. इसलिए इन शहरों के लोगों को अपने जरूरी काम पहले ही निपटा लेने चाहिए.
27 और 28 जून को लगातार दो दिन बंद रहेंगे बैंक
27 जून को महीने का चौथा शनिवार है. भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों के अनुसार महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को सभी सरकारी और निजी बैंक बंद रहते हैं. इसके अगले दिन 28 जून को रविवार है. ऐसे में पूरे देश में बैंक लगातार दो दिन बंद रहेंगे और शाखाओं में कोई कामकाज नहीं होगा.
29 और 30 जून को भी कुछ शहरों में रहेगी छुट्टी
29 जून को हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में संत गुरु कबीर जयंती के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे. वहीं 30 जून को आइजोल में 'रेमना नी' त्योहार के कारण बैंक शाखाओं में छुट्टी रहेगी. इन शहरों में रहने वाले लोगों को बैंक से जुड़े काम पहले ही पूरे कर लेने चाहिए.
जून में कुल 11 दिन रही बैंकों की छुट्टी
भारतीय रिजर्व बैंक के कैलेंडर के अनुसार जून महीने में कुल 11 दिन बैंक अवकाश रहा है. इसमें रविवार, दूसरा शनिवार, चौथा शनिवार और विभिन्न राज्यों के स्थानीय त्योहारों से जुड़ी छुट्टियां शामिल हैं. हालांकि सभी छुट्टियां पूरे देश में लागू नहीं होतीं. कई छुट्टियां केवल कुछ राज्यों और शहरों तक सीमित रहती हैं.
बैंक बंद होने पर भी जारी रहेंगी डिजिटल सेवाएं
अगर आपके शहर में बैंक शाखा बंद है, तब भी अधिकांश बैंकिंग सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगी. ग्राहक मोबाइल बैंकिंग, नेट बैंकिंग, यूपीआई और बैंकिंग ऐप्स के जरिए पैसे भेज सकते हैं, पैसे प्राप्त कर सकते हैं, बिल भुगतान कर सकते हैं और खाते का बैलेंस भी चेक कर सकते हैं. ये सेवाएं चौबीसों घंटे चालू रहती हैं.
एटीएम और कैश डिपॉजिट की सुविधा मिलेगी
बैंक शाखाएं बंद होने के बावजूद एटीएम से नकदी निकाली जा सकेगी. इसके अलावा कई बैंकों की कैश डिपॉजिट मशीनों के जरिए खाते में पैसे जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और अन्य बैंकिंग सेवाओं से जुड़े कई काम भी ऑनलाइन पूरे किए जा सकते हैं.
बैंक जाने से पहले जरूर करें पुष्टि
अगर आपको आने वाले दिनों में किसी बैंक शाखा में जाना है, तो पहले अपने शहर की बैंक हॉलिडे लिस्ट जरूर देख लें. इससे आपका समय बचेगा और किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सकेगा.
ये भी पढ़ें- ट्रंप के खिलाफ बगावत! ईरान युद्ध रोकने के प्रस्ताव के समर्थन में उतरे अपनी पार्टी के सांसद, जानें पूरी जानकारी