Bank Holiday: सितंबर के आखिरी दिनों में लगातार बैंक बंद रहने की आशंका से ग्राहकों की परेशानी बढ़ सकती थी, लेकिन अब सरकार ने इससे राहत देने वाला कदम उठाया है. वित्त मंत्रालय के मुताबिक, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने 27 सितंबर 2026, रविवार को सभी पब्लिक सेक्टर बैंकों और रीजनल रूरल बैंकों की शाखाओं को सामान्य रूप से संचालित करने की मंजूरी दी है. इस फैसले के तहत बैंक शाखाओं के साथ दफ्तर, ATM-लिंक शाखाएं और करेंसी चेस्ट भी चालू रहेंगे.
बैंक हड़ताल के बीच सरकार का बड़ा कदम
यह फैसला यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की ओर से 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल के मद्देनजर लिया गया है. हड़ताल 26 और 27 सितंबर की वीकेंड छुट्टियों के बाद शुरू होनी है. ऐसे में सरकार ने बैंकिंग सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक पड़ने वाले असर को कम करने के लिए 27 सितंबर को बैंकिंग ऑपरेशंस जारी रखने का फैसला किया है.
रविवार को इन बैंकिंग सेवाओं का होगा संचालन
वित्त मंत्रालय के नोटिफिकेशन के अनुसार, 27 सितंबर को सभी पब्लिक सेक्टर बैंक और रीजनल रूरल बैंक सामान्य कामकाज करेंगे. RBI ने बैंक शाखाओं, कार्यालयों, ATM से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को भी इस दिन पूरी तरह चालू रखने की अनुमति दी है. सरकार ने कहा है कि ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है.
SBI समेत इन बैंकों ने ग्राहकों को दी सलाह
प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से यूनियनों से हड़ताल वापस लेने की अपील भी की गई है. वहीं, भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा और केनरा बैंक ने अपने ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी कर जरूरी बैंकिंग ट्रांजैक्शन पहले ही पूरा करने की सलाह दी है. बैंकों ने यह भी कहा है कि हड़ताल की स्थिति में ग्राहक डिजिटल बैंकिंग और सेल्फ-सर्विस चैनलों का इस्तेमाल कर सकते हैं.
क्या अब लगातार 5 दिन बैंक बंद रहेंगे?
27 सितंबर को बैंक खोलने के फैसले से लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की स्थिति को टालने में मदद मिलेगी. दरअसल, 26 और 27 सितंबर को वीकेंड की छुट्टियां हैं, जबकि UFBU ने 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल का प्रस्ताव दिया है. इसके अलावा 30 सितंबर को बैंकों की छमाही क्लोजिंग भी है, जो प्रोविजनिंग, रिकॉन्सिलिएशन, ट्रेजरी ऑपरेशंस और दूसरी वित्तीय गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण तारीख होती है.
पांच दिन के वर्किंग वीक की मांग पर हड़ताल
UFBU की प्रस्तावित हड़ताल की प्रमुख मांगों में बैंकिंग सेक्टर में पांच दिन का वर्किंग वीक लागू करना शामिल है. वित्त मंत्रालय पहले ही बैंक कर्मचारियों से हड़ताल वापस लेने और लंबित मांगों को बातचीत के जरिए सुलझाने की अपील कर चुका है. फिलहाल सरकार के 27 सितंबर को बैंकिंग सेवाएं चालू रखने के फैसले से ग्राहकों को अपनी जरूरी बैंकिंग गतिविधियां पूरी करने के लिए अतिरिक्त मौका मिलेगा.
ये भी पढ़ें- सितंबर के आखिर में लगातार 5 दिन बंद रहेगा बैंक, ग्राहक पहले निपटा लें ये जरूरी काम, SBI ने किया अलर्ट