बदायूं में खौफनाक वारदात! शराब पीते-पीते खूनी बना पिता, कुल्हाड़ी से काटकर बेटे को उतारा मौत के घाट

उत्तर प्रदेश के बदायूं से रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक पिता ने अपने ही बेटे की जान ले ली.

Badaun Father Kills Son With Axe After Drinking Dispute
Image Source: Social Media

उत्तर प्रदेश के बदायूं से रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक पिता ने अपने ही बेटे की जान ले ली. आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर पिता ने कुल्हाड़ी से बेटे पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.

शराब पीते समय पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद

यह घटना बदायूं जिले के उसहैत थाना क्षेत्र के बची गांव में शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक, 35 वर्षीय राम अवतार अपने पिता नरेश के साथ घर में बैठकर शराब पी रहा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पिता ने कथित तौर पर पास में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और बेटे पर हमला कर दिया.

कुल्हाड़ी के वार से गई बेटे की जान

पुलिस के अनुसार, आरोपी नरेश ने राम अवतार की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार किया. हमले में गंभीर रूप से घायल राम अवतार की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

हत्या के बाद मौके से फरार हुआ आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नरेश मौके से भाग निकला था. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और विवाद के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है. अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

ई-रिक्शा चलाकर परिवार पालता था राम अवतार

पुलिस के मुताबिक, राम अवतार पहले बदायूं में सब्जी बेचकर अपने परिवार का गुजारा करता था. कुछ महीने पहले उसने ई-रिक्शा चलाना शुरू किया था. उसके परिवार में पत्नी मंजू और तीन बेटे राहुल, आयुष व बबलू हैं. पिता पर ही बेटे की हत्या का आरोप लगने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: घर में अकेली थी महिला, बदमाशों ने हाथ बांधे-मुंह पर टेप चिपकाई, फिर जो हुआ, जानकर उड़ जाएंगे होश