'ईशा से अलग होने का जिम्मेदार मैं हूं...' अविनाश मिश्रा ने ब्रेकअप पर मांगी माफी, बोले- मेरी ही गलती है

Avinash Mishra Eisha Singh Breakup: क्लब में 'बेवफा तू निकली' गाना बजाने के बाद विवादों में घिरे अविनाश मिश्रा ने वीडियो जारी कर ईशा सिंह और उनके परिवार से माफी मांगी है. एक्टर ने ब्रेकअप की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि अलग होने की गलती उनकी ही है.

Avinash Mishra Apologizes After Breakup With Eisha Singh
Image Source: Social Media

Avinash Mishra Eisha Singh Breakup: टीवी की चर्चित जोड़ी अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह के रिश्ते में आई दरार इन दिनों मनोरंजन जगत में चर्चा का विषय बनी हुई है. दोनों की नजदीकियां रियलिटी शो 'बिग बॉस' के दौरान बढ़ी थीं और देखते ही देखते उनके रिश्ते को लेकर शादी तक की अटकलें लगने लगी थीं. बताया जा रहा था कि दोनों के परिवार भी इस रिश्ते के लिए तैयार थे, लेकिन अब उनके अलग होने की खबरें सामने आ रही हैं. इस बीच अविनाश का एक वीडियो वायरल होने के बाद विवाद और बढ़ गया है.

 क्लब में गाने को लेकर बढ़ा विवाद

ब्रेकअप की चर्चाओं के बीच अविनाश मिश्रा एक क्लब में पार्टी करते नजर आए थे. इस दौरान उन्होंने DJ स्टेशन पर 'बेवफा तू निकली' गाना बजाया और अपनी निजी जिंदगी का जिक्र करते हुए कहा कि जब पर्सनल लाइफ में कुछ चल रहा हो, तो यह गाना सूट करता है. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. इसके बाद कई यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया. ईशा के भाई और उनके मुंहबोले भाई रजत दलाल ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अविनाश को घेरा.

विवाद बढ़ने पर अविनाश ने तोड़ी चुप्पी

सोशल मीडिया पर लगातार हो रही आलोचना के बीच अविनाश ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया. इसमें उन्होंने पूरे मामले पर सफाई देते हुए माफी मांगी. एक्टर ने कहा कि DJ पर गाना बजाने के उनके फैसले के कई मतलब निकाले जा रहे हैं और इस पर तरह-तरह के एडिट्स बनाए जा रहे हैं. उन्हें पता है कि इस पूरे घटनाक्रम से ईशा को सबसे ज्यादा दुख पहुंचा है और उनकी फैमिली भी परेशान है. हालांकि, उनका इरादा किसी को चोट पहुंचाने का नहीं था.

'ईशा से अलग होने का जिम्मेदार मैं हूं'

अविनाश ने वीडियो में अपने और ईशा के रिश्ते को लेकर भी खुलकर बात की. उन्होंने कहा, "मेरे और ईशा के अलग होने का जिम्मेदार मैं हूं. मैं दोषी हूं, मेरी ही गलती है." एक्टर ने इस पूरे विवाद के लिए माफी मांगते हुए कहा कि वह अब इस मामले को खत्म करना चाहते हैं. उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.

परिवार और दोस्तों को विवाद में न घसीटने की अपील

अविनाश ने लोगों से अपील की कि इस मामले में परिवार और दोस्तों को शामिल न किया जाए. उन्होंने कहा कि दो लोगों के बीच की बात में उनके करीबियों को धमकियां देना ठीक नहीं है. एक्टर के मुताबिक, उन्हें खुद पर काम करने और अपनी गलतियों को सुधारने की जरूरत है. उन्होंने यह भी कहा कि जब तक वह खुद को बेहतर नहीं बना लेते, तब तक वापस नहीं लौटेंगे. साथ ही उन्होंने सभी से इस विवाद को यहीं खत्म करने की अपील की.

मुश्किल वक्त में ईशा के साथ खड़ी है फैमिली

ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा को साथ देखने वाले फैंस उनके अलग होने की खबरों से निराश हैं. दोनों 'पति पत्नी और पंगा सीजन 2' में भी गेस्ट जोड़ी के तौर पर नजर आए थे. अब उनके रिश्ते में आई दूरी और अविनाश की माफी के बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. वहीं, रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मुश्किल दौर में ईशा को अपने परिवार का पूरा साथ मिल रहा है.

ये भी पढ़ें- सलमान खान का बेफिक्र अंदाज और चित्रांगदा सिंह का जज्बा, 'मदिरापान' के BTS वीडियो में दिखी गाने के पीछे की मेहनत