Avengers: Doomsday: मार्वेल स्टूडियोज की फिल्म 'एवेंजर्स: डूम्सडे' रिलीज से पहले ही चर्चा में बनी हुई है. फिल्म दिसंबर में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. जल्द ही इसका नया ट्रेलर भी जारी किया जाएगा. ट्रेलर रिलीज से पहले ही फिल्म ने प्री-सेल्स में 55 मिलियन डॉलर की कमाई कर ली है.
प्री-सेल्स में 'एवेंजर्स: डूम्सडे' ने किया धमाका
ग्लोबल बॉक्स ऑफिस के मुताबिक, 'एवेंजर्स: डूम्सडे' की अमेरिका में एडवांस बुकिंग से अब तक 55 मिलियन डॉलर की कमाई हुई है. इसके साथ ही फिल्म अमेरिका में सबसे ज्यादा प्री-रिलीज बुकिंग करने वाली फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो गई है.
इस लिस्ट में सबसे ऊपर 'स्पाइडरमैन: ब्रांड न्यू डे' है, जिसने 150 मिलियन डॉलर की प्री-सेल्स की थी. दूसरे नंबर पर 'एवेंजर्स: एंडगेम' है, जिसकी प्री-सेल्स 130 मिलियन डॉलर रही थी. वहीं तीसरे नंबर पर 'स्पाइडरमैन: नो वे होम' है, जिसने रिलीज से पहले 78 मिलियन डॉलर की बुकिंग की थी.
इस बीच फिल्म के लीक होने की खबर भी सामने आई थी. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की फुल 2160p कॉपी ऑनलाइन शेयर होने की बात कही गई थी. हालांकि, फिल्म लीक होने की खबर पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
🚨 RUMOR: The Full 'AVENGERS: DOOMSDAY' movie has been leaked online in 2160p.
— Nerdy enough (@_Movie_Fans_) September 20, 2026
A leaker reportedly has the full copy of the movie#AvengersDoomsday #Marvel pic.twitter.com/jcnEq1QecO
कब रिलीज होगी 'एवेंजर्स: डूम्सडे'?
फिल्म का नया ट्रेलर इसी हफ्ते रिलीज होने की खबर है. इसे 'एवेंजर्स: एंडगेम' के साथ सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा. 'एवेंजर्स: एंडगेम' 25 सितंबर से दोबारा थिएटर में रिलीज हो रही है.
वहीं 'एवेंजर्स: डूम्सडे' 18 दिसंबर को दुनियाभर में रिलीज होगी. फिल्म का रनटाइम 2 घंटे 45 मिनट बताया गया है. इसका निर्देशन जो और एंथनी रूसो ने किया है. फिल्म को वॉल्ट डिज्नी स्टूडियोज मोशन पिक्चर्स रिलीज कर रहा है.
फिल्म में क्रिस इवांस, जेम्स मार्सडेन, रेबेका रोमिन और रॉबर्ट डाउनी जूनियर जैसे कलाकार नजर आएंगे. फिल्म को लेकर मार्वेल फैंस के बीच काफी उत्साह है. करीब एक महीने पहले फिल्म का हिंदी में स्पेशल लुक भी जारी किया गया था, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था.
ये भी पढ़ें- कनाडा में फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान दर्दनाक हादसा, तमिलनाडु और पुडुचेरी के दो छात्रों की मौत