प्रीमियम फीचर्स, पावरफुल इंजन.. भारत में लॉन्च हुई Audi की धांसू कार, 4.1 सेकंड में 100Kmph की स्पीड

भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में लग्जरी और पावर का क्रेज लगातार बढ़ रहा है, और इसी ट्रेंड को ध्यान में रखते हुए Audi ने अपनी नई फ्लैगशिप परफॉर्मेंस SUV Audi SQ8 को लॉन्च कर दिया है.

Audi SQ8 launched in india Audi new car price features and speed
Image Source: Social Media

भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में लग्जरी और पावर का क्रेज लगातार बढ़ रहा है, और इसी ट्रेंड को ध्यान में रखते हुए Audi ने अपनी नई फ्लैगशिप परफॉर्मेंस SUV Audi SQ8 को लॉन्च कर दिया है. ₹1.77 करोड़ (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत के साथ यह SUV उन ग्राहकों के लिए लाई गई है, जो दमदार V8 इंजन का मजा लेना चाहते हैं, लेकिन टॉप-एंड RS मॉडल जितनी एक्सट्रीम पावर की जरूरत महसूस नहीं करते.

पावर और स्पीड

Audi SQ8 का सबसे बड़ा आकर्षण इसका इंजन है. इसमें 4.0 लीटर का ट्विन-टर्बो V8 पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 507 bhp की ताकत और 770 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और quattro AWD system के साथ यह SUV हर तरह के रास्तों पर बेहतरीन पकड़ बनाकर चलती है. परफॉर्मेंस की बात करें तो यह SUV महज 4.1 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है, जो इसे अपनी कैटेगरी की सबसे तेज और रोमांचक गाड़ियों में शामिल करता है.

स्पोर्टी डिजाइन

डिजाइन के मामले में Audi SQ8 कूपे-स्टाइल SUV लुक के साथ आती है, जो इसे सड़क पर अलग पहचान देता है. फ्रंट में बड़ा सिग्नेचर ग्रिल और LED मैट्रिक्स हेडलाइट्स इसकी प्रीमियम अपील को बढ़ाते हैं. बंपर में दिए गए बड़े एयर इनलेट्स इसे और ज्यादा एग्रेसिव बनाते हैं, जबकि साइड और रियर पर सिल्वर एक्सेंट इसे एक संतुलित स्पोर्टी लुक देते हैं. 21 से 23 इंच तक के बड़े अलॉय व्हील्स इस SUV की रोड प्रेजेंस को और मजबूत करते हैं. कुल मिलाकर, इसका डिजाइन ऐसा है जो स्पोर्टी और एलिगेंट के बीच एक बेहतरीन संतुलन बनाता है.

परफॉर्मेंस

केबिन में कदम रखते ही Audi SQ8 की असली पहचान सामने आती है. प्रीमियम लेदर और Alcantara का इस्तेमाल इसे बेहद रिच फील देता है. S बैजिंग के साथ स्टीयरिंग और सीट्स यह एहसास कराते हैं कि आप एक हाई-परफॉर्मेंस मशीन में बैठे हैं. 

इसमें Audi का ड्यूल-स्क्रीन सेटअप दिया गया है, जिसमें ऊपर 10.1 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम और नीचे एक टचस्क्रीन मिलती है, जिससे क्लाइमेट और अन्य सेटिंग्स को कंट्रोल किया जा सकता है. साथ ही 12.3 इंच का Audi Virtual Cockpit ड्राइवर को परफॉर्मेंस से जुड़ी हर जरूरी जानकारी शानदार ग्राफिक्स के साथ दिखाता है.

फीचर्स और सेफ्टी

इस प्राइस रेंज में आने वाली SUV से जो भी आधुनिक फीचर्स और सेफ्टी की उम्मीद की जाती है, Audi ने उन्हें इसमें शामिल किया है. हेड-अप डिस्प्ले ड्राइविंग को और आसान बनाता है, जहां जरूरी जानकारी सीधे विंडशील्ड पर नजर आती है.

ड्राइवर और फ्रंट पैसेंजर के लिए पावर्ड सीट्स दी गई हैं, जिनमें हीटिंग, वेंटिलेशन और मसाज जैसे फीचर्स मौजूद हैं. लंबी यात्राओं को आरामदायक बनाने के लिए यह फीचर्स काफी अहम साबित होते हैं. इसके अलावा एडवांस्ड सेफ्टी टेक्नोलॉजी इस SUV को न सिर्फ लग्जरी बल्कि सुरक्षित भी बनाती है.

ये भी पढ़ें: एडवेंचर लवर्स के लिए खुशखबरी, Ducati Desmo 450 MX हुई लॉन्च, दमदार इंजन से है लैस