Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजों ने आखिरकार स्वर्णिम निशाना साध ही दिया. 25 सितंबर की सुबह 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में सुरुचि इंदर सिंह और कमलजीत की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को गोल्ड मेडल दिलाया. भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 484.6 अंक हासिल किए और दक्षिण कोरिया को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया. इसके साथ ही भारत के खाते में इन खेलों का दूसरा गोल्ड मेडल आ गया.
व्यक्तिगत इवेंट में चूक के बाद मिक्स्ड टीम में कमाल
सुरुचि और कमलजीत के लिए यह जीत इसलिए भी खास रही, क्योंकि दोनों अपने व्यक्तिगत इवेंट में फाइनल तक नहीं पहुंच सके थे. कमलजीत पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल क्वालीफिकेशन में नौवें स्थान पर रहे थे, जबकि सुरुचि 26वें स्थान पर रही थीं. इसके बाद मिक्स्ड टीम इवेंट में दोनों ने शानदार वापसी करते हुए भारत को स्वर्ण पदक दिला दिया.
क्वालीफिकेशन में भी दिखा था जोड़ी का दम
फाइनल से पहले भारतीय जोड़ी ने क्वालीफिकेशन राउंड में भी शानदार प्रदर्शन किया था. सुरुचि और कमलजीत ने कुल 587 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई. उनकी इस स्कोरलाइन ने मौजूदा एशियाई रिकॉर्ड की बराबरी भी की. क्वालीफिकेशन में भारतीय जोड़ी ने पहली सीरीज में 196, दूसरी में 195 और तीसरी सीरीज में 196 अंक जुटाए. कुल स्कोर में 29 इनर-10 शामिल रहे.
फाइनल में दक्षिण कोरिया को छोड़ा पीछे
फाइनल में भारतीय निशानेबाजों ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और दबाव के बीच अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा. 484.6 अंक के साथ भारत ने गोल्ड पर कब्जा जमाया, जबकि दक्षिण कोरिया 478.0 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा. ईरान ने 415.8 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता.
भारत को मिला दूसरा गोल्ड
सुरुचि और कमलजीत की जीत के साथ भारत के एशियन गेम्स 2026 अभियान में दूसरा स्वर्ण पदक जुड़ गया. शूटिंग में भारत से काफी उम्मीदें थीं और इस गोल्ड ने भारतीय निशानेबाजी अभियान को भी नई मजबूती दी है. भारतीय जोड़ी का यह प्रदर्शन इसलिए भी अहम है क्योंकि व्यक्तिगत और टीम इवेंट में पदक से चूकने के बाद उन्होंने मिक्स्ड टीम स्पर्धा में शानदार वापसी की.
ये भी पढ़ें- पिता की मौत के बाद बना कैब ड्राइवर, फिर आर्मी ने बदली जिंदगी, अब एशियन गेम्स में भारत के लिए जीता मेडल