नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी में बड़ी बगावत देखने को मिली है. राघव चड्ढा समेत 7 राज्यसभा सांसदों ने अरविंद केजरीवाल की पार्टी छोड़ दी है. वहीं राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल हो गए हैं. अब इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. इसी कड़ी में अन्ना हजारे ने भी इस पर अपना रिएक्शन दिया है.
अन्ना हजारे ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति की अपनी राय है कि उसे कहां जाना है, कहां रहना है. इसके लिए किसी को सख्ती करना ठीक नहीं है. उनको कुछ न कुछ दिक्कतें आई होगी इसलिए वो चले गए. कुछ न कुछ तो कारण होगा. उनको जहां जाना है, वहां जाएं.
"पार्टी सही चलती तो नहीं जाते"
इसके आगे उन्होंने कहा, "अगर कोई पार्टी से अलग होता है तो दोष उनका है. पार्टी सही चलती तो नहीं जाते. स्वार्थ आ गया तो भूल जाते हैं. समाज और देश को भूल गए और सत्ता और पैसे के पीछे पिट गए तो इसके कारण गड़बड़ी हो गई."
बीजेपी में शामिल हुए 3 सांसद
राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी छोड़ने के ऐलान के बाद भाजपा मुख्यालय पहुंचे. इस मौके पर उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की, जिसमें उनके साथ अशोक मित्तल और संदीप पाठक भी मौजूद थे. भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुलदस्ता देकर और मिठाई खिलाकर तीनों सांसदों का स्वागत किया.
"सात सांसदों ने दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए"
चड्ढा ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि दो-तिहाई से ज्यादा सांसद हमारा समर्थन कर रहे हैं और हम जल्द ही आपको पूरी सूची उपलब्ध करा देंगे. उनमें से तीन सांसद अभी आपके सामने यहां मौजूद हैं. इनके अलावा, विश्व-स्तरीय क्रिकेटर हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल भी शामिल हैं.
इससे पहले राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आज, भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए राज्यसभा में आम आदमी पार्टी (आप) के दो-तिहाई से अधिक सांसदों ने भाजपा में विलय कर लिया है. सात सांसदों ने उस दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसे राज्यसभा के अध्यक्ष को सौंपा गया था. मैंने, दो अन्य सांसदों के साथ, व्यक्तिगत रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेज सौंपे.
ये भी पढ़ें: राघव चड्ढा समेत AAP के 3 सांसद BJP में शामिल, नितिन नवीन ने मिठाई खिलाकर किया स्वागत, देखें तस्वीरें