टी20 क्रिकेट के सबसे विस्फोटक नामों में शुमार आंद्रे रसेल ने अचानक IPL से संन्यास लेकर फैंस को हैरान कर दिया है. मैदान पर उनके विशाल छक्के और तेजतर्रार गेंदबाज़ी ने IPL को एक अलग रंग दिया था, लेकिन रविवार को जारी एक भावुक वीडियो के साथ रसेल ने अपने इस सफर पर विराम लगा दिया. उनकी विदाई सिर्फ एक खिलाड़ी का जाना नहीं, बल्कि IPL के एक चमकदार अध्याय का अंत है.
कोलकाता नाइट राइडर्स की जर्सी पहनकर रसेल ने अनगिनत रातें अपने नाम कीं. 2014 में केकेआर से जुड़ने के बाद उन्होंने टीम की पहचान ही बदल दी. लेकिन IPL 2026 से पहले जब केकेआर ने केवल 12 खिलाड़ियों को रिटेन किया, तो रसेल का नाम सूची में नहीं होना क्रिकेट जगत के लिए किसी सदमे जैसा था.फैंस को उम्मीद थी कि ऑक्शन में फ्रेंचाइजियों के बीच उन्हें लेकर जबरदस्त होड़ देखने को मिल सकती है, लेकिन इससे पहले ही रसेल ने IPL से अपने रिटायरमेंट का ऐलान कर सभी समीकरण बदल दिए.
भावुक मैसेज में रसेल की IPL यात्रा की यादें
रसेल ने वीडियो साझा करते हुए लिखा कि वह भले ही IPL को अलविदा कह रहे हों, लेकिन उनका स्वैग कभी नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि 12 सीजनों की यादें और केकेआर फैमिली का प्यार उनके लिए हमेशा खास रहेगा. रसेल ने यह भी साफ कर दिया कि वह दुनिया की अन्य टी20 लीग्स में खेलते रहेंगे और बल्ले-बॉल से धमाका जारी रखेंगे.
करियर खत्म नहीं, नया रोल शुरू—केकेआर में वापसी
सबसे दिलचस्प बात यह रही कि रसेल ने ये भी बताया कि वह केकेआर का साथ नहीं छोड़ रहे. वह आगामी IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के सपोर्ट स्टाफ में ‘पावर कोच’ के रूप में नजर आएंगे. यानी मैदान बदल गया है, लेकिन नाइट्स के साथ उनका रिश्ता पहले की तरह मजबूत बना रहेगा.उनके शब्दों में—"नया चैप्टर है, लेकिन ऊर्जा वही है… हमेशा नाइट के लिए."
रसेल का IPL सफर: दिल्ली से कोलकाता तक
यह बात कम लोग जानते होंगे कि आंद्रे रसेल ने IPL की शुरुआत दिल्ली कैपिटल्स के साथ की थी. 2012 और 2013 में वह दिल्ली के लिए खेले, लेकिन प्रभाव नहीं छोड़ पाए.2014 में जैसे ही वह कोलकाता पहुंचे, उनका करियर नई उड़ान भरने लगा. धमाकेदार फिनिशिंग, मैच बदलने वाली स्पेल और मैदान पर उनकी मौजूदगी ने उन्हें KKR का पोस्टर बॉय बना दिया.
आँकड़े बताते हैं रसेल की ताकत
रसेल ने दिल्ली के लिए सिर्फ 7 मैच खेले और 58 रन बनाए, जबकि 2014 के बाद KKR के लिए उनका सफर IPL इतिहास का सबसे दमदार ऑलराउंड शो साबित हुआ.कोलकाता के लिए उनके 133 मैच, 2593 रन और 122 विकेट… ये आंकड़े बताते हैं कि रसेल सिर्फ खिलाड़ी नहीं, बल्कि एक पूरा इम्पैक्ट पैकेज थे.
केकेआर की रिटेन लिस्ट और नया प्लान
आगामी सीजन के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स ने कुल 12 खिलाड़ियों को रिटेन किया है और 60.70 करोड़ रुपये रिटेन किए गए खिलाड़ियों पर खर्च हुए हैं. टीम के पास अब भी ऑक्शन के लिए 64.30 करोड़ रुपये का बड़ा पर्स मौजूद है.रसेल भले खिलाड़ी के रूप में टीम का हिस्सा न हों, लेकिन कोचिंग टीम में उनकी एंट्री बताती है कि KKR अभी भी रसेल के अनुभव और ऊर्जा पर पूरा भरोसा रखता है.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के लिए Faf Du Plessis ने छोड़ी IPL लीग, PSL में खेलने का किया ऐलान