Umpire Stabbed to Death: जहां एक ओर भारत में आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर है, वहीं दूसरी ओर आंध्र प्रदेश से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. विशाखापट्टनम में एक स्थानीय क्रिकेट मैच के दौरान रन आउट के फैसले पर हुए विवाद के बाद 21 वर्षीय अंपायर की हत्या कर दी गई. यह घटना क्रिकेट के मैदान पर खेल की भावना को शर्मसार करने वाली है.
रन आउट फैसले पर हुआ विवाद
रविवार को विशाखापट्टनम में एक स्थानीय क्रिकेट मैच चल रहा था, जिसमें 21 वर्षीय अंपायर डोला अजीत बाबू और उनके साथी बुडूमुरी चिरंजीवी अंपायरिंग कर रहे थे. मैच के दौरान एक रन आउट के फैसले पर खिलाड़ियों के बीच विवाद हो गया. यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया, जिससे अंपायरों को हस्तक्षेप करना पड़ा. दोनों ने मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन गुस्से में एक दर्शक ने गाली-गलौज की.
अंपायरों को अलग जगह बुलाकर हुआ हमला
पुलिस के अनुसार, मैच खत्म होने के बाद 26 वर्षीय कांता किशोर नामक एक दर्शक ने अंपायरों को मामले को सुलझाने के लिए एक अन्य स्थान पर बुलाया. अजीत बाबू और चिरंजीवी अपने कुछ दोस्तों के साथ उस स्थान पर पहुंचे, लेकिन वहां एक बार फिर बहस शुरू हो गई. इस बार कांता किशोर ने चाकू निकालकर दोनों अंपायरों पर हमला कर दिया.
हमला और मौत की खबर
कांता किशोर ने अजीत बाबू को छाती में चाकू मारा, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े. चिरंजीवी ने बचने की कोशिश की, लेकिन वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन अजीत बाबू की हालत बहुत गंभीर थी. उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस कार्रवाई और जांच
इस घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मल्लेश्वरा राव ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि कांता किशोर को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है. इसके साथ ही अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है, जो इस घटना में शामिल हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें: इंतजार खत्म! IPL 2026 में एमएस धोनी इस दिन खेलेंगे अपना पहला मैच, आ गया बड़ा अपडेट