Amla Navami 2026: कब है आंवला नवमी? जानें पेड़ के नीचे खाना बनाने की खास परंपरा और इससे जुड़ी धार्मिक मान्यता

Amla Navami 2026: आंवला नवमी पर आंवले के पेड़ की पूजा और उसकी छांव में भोजन करने की है खास परंपरा, जानें इसके पीछे की धार्मिक मान्यता, पूजा विधि और शुभ मुहूर्त.

amla-navami-2026-puja-vidhi-shubh-muhurat-and-significance
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Amla Navami 2026: कार्तिक महीने की नवमी तिथि हिंदू धर्म में बेहद खास मानी जाती है. इसे अक्षय नवमी और आंवला नवमी के नाम से जाना जाता है. मान्यता है कि इस दिन किए गए पूजा-पाठ, दान और पुण्य कर्मों का फल कभी समाप्त नहीं होता. इस साल आंवला नवमी 18 नवंबर 2026, बुधवार को मनाई जाएगी. इस दिन एक खास परंपरा देखने को मिलती है, जिसमें लोग घरों के बजाय आंवले के पेड़ के नीचे भोजन बनाते और परिवार के साथ बैठकर खाते हैं. धार्मिक मान्यताओं के साथ इस परंपरा के पीछे प्रकृति और स्वास्थ्य से जुड़े कई पहलू भी माने जाते हैं.

आंवले के पेड़ के नीचे भोजन करने का क्या है महत्व?

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक शुक्ल नवमी से लेकर देवउठनी एकादशी और कार्तिक पूर्णिमा तक आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का वास होता है. यही वजह है कि इस दिन आंवले के पेड़ की पूजा करने और उसकी छांव में भोजन करने की परंपरा है. माना जाता है कि वृक्ष के नीचे बैठकर भोजन करने से भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है और परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है. वहीं, आयुर्वेद में आंवले को गुणकारी फल माना गया है. नवंबर में मौसम बदलने के दौरान खुले वातावरण में बैठकर ताजा सात्विक भोजन करना और प्रकृति के करीब समय बिताना भी इस परंपरा का हिस्सा है. यह पर्व लोगों को प्रकृति, अन्न और पर्यावरण के प्रति आभार जताने का संदेश भी देता है.

आंवला नवमी जानें शुभ मुहूर्त और पूजा का समय

पंचांग के अनुसार, इस साल आंवला नवमी बुधवार, 18 नवंबर को मनाई जाएगी. नवमी तिथि की शुरुआत 18 नवंबर को सुबह 6 बजकर 4 मिनट पर होगी और इसका समापन 19 नवंबर को सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर होगा. पूजा के लिए सुबह 6 बजकर 46 मिनट से दोपहर 12 बजकर 6 मिनट तक का समय शुभ माना गया है. इस दौरान श्रद्धालु आंवले के पेड़ की पूजा कर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का ध्यान कर सकते हैं.

आंवला नवमी पर कैसे करें पूजा? जानें पूरी विधि

आंवला नवमी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनकर पूजा का संकल्प लें. इसके बाद आंवले के पेड़ के पास जाकर आसपास की जगह को साफ करें और जल या गंगाजल का छिड़काव करें. पूर्व दिशा की ओर मुख करके बैठें और तांबे या पीतल के लोटे में जल, थोड़ा कच्चा दूध और अक्षत मिलाकर पेड़ की जड़ में अर्पित करें. इसके बाद पेड़ के तने पर रोली, हल्दी और चंदन लगाकर फूल, फल और अक्षत चढ़ाएं. घी का दीपक जलाकर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का ध्यान करें. इस दौरान 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करना शुभ माना जाता है. इसके बाद पेड़ पर मौली बांधकर परिक्रमा करें और आंवला नवमी की व्रत कथा पढ़ें या सुनें. अंत में आरती करने के बाद पेड़ की छांव में भोजन बनाकर भगवान को भोग लगाएं और परिवार के साथ प्रसाद ग्रहण करें.

आंवला नवमी पर किन चीजों का दान करना माना जाता है शुभ?

अक्षय नवमी पर पूजा के साथ दान-पुण्य का भी विशेष महत्व है. मान्यता है कि इस दिन किया गया दान अक्षय पुण्य प्रदान करता है. श्रद्धालु जरूरतमंद लोगों और ब्राह्मणों को आंवले का फल या इससे बनी चीजें दान कर सकते हैं. इसके अलावा गेहूं, चावल जैसे अनाज और सर्दी के मौसम को देखते हुए गर्म कपड़ों का दान करना भी शुभ माना जाता है. पूजा के बाद किसी जरूरतमंद या ब्राह्मण को भोजन कराकर सामर्थ्य के अनुसार दक्षिणा दे सकते हैं. वहीं, मान्यता के अनुसार सोने या चांदी का दान भी शुभ फलदायी होता है. इस तरह आंवला नवमी पर पूजा, भोजन और दान के जरिए सुख-समृद्धि की कामना की जाती है.

ये भी पढ़ें- खरना की रात क्यों खुले रखते हैं घर के दरवाजे? जानें छठी मैया के आगमन से जुड़ी धार्मिक मान्यता