हिंदी-रूसी भाई-भाई... ईंधन संकट के बीच भारत के 'सच्चे दोस्त' ने दिया आश्वासन, तेल और गैस सप्लाई पर आया बयान

Sergey Lavrov India Visit: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब दुनियाभर में दिखाई देने लगा है. भारत में भी ईंधन को लेकर चिंता बढ़ रही है. हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील की है.

Amidst the fuel crisis India true friend russia gave a big assurance statement oil and gas supply
Image Source: ANI/ File

Sergey Lavrov India Visit: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब दुनियाभर में दिखाई देने लगा है. भारत में भी ईंधन को लेकर चिंता बढ़ रही है. हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील की है. इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री समेत कई बड़े नेताओं ने अपने काफिलों में गाड़ियों की संख्या भी कम कर दी है.

इसी बीच भारत को रूस की तरफ से बड़ी राहत मिली है. रूस ने भरोसा दिलाया है कि वह भारत को तेल, गैस और कोयले की सप्लाई जारी रखेगा और किसी भी हाल में भारत के हितों को नुकसान नहीं होने देगा.

रूस ने भारत को दिया भरोसा

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि भारत और रूस के रिश्ते बहुत मजबूत हैं. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच दोस्ती भरोसे पर बनी है और इसे कोई कमजोर नहीं कर सकता.

लावरोव ने साफ कहा कि रूस ऊर्जा आपूर्ति से जुड़े अपने सभी समझौतों को पूरा करेगा. उन्होंने कहा कि रूस भारत को लगातार तेल, गैस और कोयले की सप्लाई करता रहेगा. उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया में भले ही प्रतिस्पर्धा और दबाव हो, लेकिन रूस पूरी कोशिश करेगा कि भारत को किसी तरह की परेशानी न हो.

कुडनकुलम परियोजना का भी किया जिक्र

रूसी विदेश मंत्री ने तमिलनाडु में बन रहे कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा संयंत्र का भी जिक्र किया. उन्होंने इसे भारत और रूस के मजबूत सहयोग का बड़ा उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि यह परियोजना भारत की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभा रही है. संयंत्र की पहली यूनिट पहले से काम कर रही है और आने वाले समय में बाकी यूनिट्स भी शुरू होंगी.

पीएम मोदी की तारीफ

सर्गेई लावरोव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी दुनिया के सबसे ऊर्जावान नेताओं में से एक हैं. लावरोव के मुताबिक, पीएम मोदी देश की अर्थव्यवस्था, रक्षा, संस्कृति और भारत की विरासत को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है.

‘हिंदी-रूसी भाई-भाई’ सिर्फ नारा नहीं

भारत-रूस रिश्तों पर बात करते हुए लावरोव ने कहा कि “हिंदी-रूसी भाई-भाई” सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि दोनों देशों के रिश्तों की पहचान है. उन्होंने कहा कि रूस में भारतीय फिल्में और कलाकार काफी लोकप्रिय हैं. राज कपूर से लेकर आज की फिल्मों तक, भारतीय सिनेमा रूस के लोगों के बीच बेहद पसंद किया जाता है.

भारत दौरे पर करेंगे अहम बैठकें

भारत दौरे के दौरान सर्गेई लावरोव विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे. इस दौरान दोनों देशों के बीच ऊर्जा, सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी. इसके अलावा BRICS और G20 जैसे बड़े मंचों को लेकर भी बातचीत की जाएगी. मध्य-पूर्व के हालात भी बैठक का अहम हिस्सा रहेंगे.

ये भी पढ़ें- पहले अपील फिर खुद किया पहल, दिल्ली की सड़कों पर पीएम मोदी के काफिले में दिखी मात्र दो गाड़ियां; देखें VIDEO