IPL 2026: चुनाव और जंग के बीच फंसी BCCI! रिलीज किया आईपीएल 2026 का अधूरा शेड्यूल, क्या है वजह?

क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार खत्म हो गया है और इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया गया है.

Amidst elections and war BCCI released incomplete schedule of IPL 2026
Image Source: Social Media

IPL 2026: क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार खत्म हो गया है और इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया गया है. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 28 मार्च को खेला जाएगा, जिसमें मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा.

हालांकि इस बार जारी किए गए कार्यक्रम में सिर्फ 12 अप्रैल तक खेले जाने वाले 20 मैचों की जानकारी दी गई है. लीग के इतिहास में शायद यह पहली बार है जब पूरा कार्यक्रम एक साथ जारी नहीं किया गया है और इसे दो चरणों में जारी करने का फैसला लिया गया है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने ऐसा क्यों किया.

चुनाव के कारण दो चरणों में होगा कार्यक्रम

दरअसल, पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध और खिलाड़ियों की यात्रा को लेकर बनी अनिश्चितता को देखते हुए फिलहाल पहले चरण का कार्यक्रम जारी किया गया है. इसके अलावा तमिलनाडु, असम और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव भी होने वाले हैं.

विशेषज्ञों के मुताबिक इन राज्यों में चुनाव की तारीखें घोषित होने के बाद लीग के बाकी मुकाबलों का कार्यक्रम भी जारी किया जाएगा, ताकि सुरक्षा और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संभाला जा सके.

पश्चिम एशिया में युद्ध का असर

ईरान, इजरायल, अमेरिका और खाड़ी क्षेत्र के देशों के बीच बढ़ते तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ा है. बताया जा रहा है कि दोहा और दुबई जैसे बड़े हवाई अड्डों से उड़ानों की संख्या काफी कम हो गई है.

इसी वजह से दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के कुछ खिलाड़ी टी-20 विश्व कप खत्म होने के एक हफ्ते बाद भी अपने घर नहीं पहुंच पाए हैं. एक टीम अधिकारी के अनुसार इन खिलाड़ियों को समय पर भारत लाना मुश्किल हो सकता है. साथ ही पश्चिम एशिया में युद्ध की स्थिति के कारण हवाई किराए भी काफी बढ़ गए हैं.

पहले सप्ताहांत में सिर्फ दो मुकाबले

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का पहला मुकाबला बेंगलुरु में खेला जाएगा, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगी. यह मैच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित होगा.

हालांकि इस मैदान पर होने वाले सभी मुकाबले कर्नाटक सरकार द्वारा नियुक्त विशेषज्ञ समिति की मंजूरी पर निर्भर करेंगे. यह समिति 13 मार्च को स्टेडियम की तैयारियों का निरीक्षण करेगी. पिछले सत्र में यहां हुई भगदड़ की घटना के बाद यह कदम उठाया गया है.

उद्घाटन सप्ताहांत का दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. इस बार पहले सप्ताहांत में डबल हेडर नहीं रखा गया है. यानी शनिवार को उद्घाटन मैच के बाद रविवार को केवल एक मुकाबला खेला जाएगा.