Delhi-Mumbai Expressway: राजस्थान के अलवर से बड़ी खबर सामने आई है. यहां लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर देर रात बड़ा हादसा हो गया. दिल्ली से कोटा की ओर जा रही एक कार में अज्ञात कारणों के चलते अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया.
कुछ ही देर में पूरी कार आग का गोला बन गई और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. हादसा रात करीब एक बजे मौजपुर के पास पिलर नंबर 115/300 के नजदीक हुआ. कार में सवार एमपी के श्योपुर निवासी तीन महिलाओं और एक बच्ची सहित पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई.
चालक ने कार से कूदकर अपनी जान बचाई
वहीं, कार चालक विनोद कुमार मेहर ने किसी तरह कार से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गया. बताया जा रहा है कि वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलसा है.
राहगीरों की सूचना पर एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं. हादसे की सूचना मिलते ही लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस का जाप्ता और एसएचओ नेकीराम भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया.
आग में जलकर खाक हो चुकी थी कार
दमकल विभाग को भी सूचना दी गई. हालांकि, जब तक फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक कार पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो चुकी थी. बाद में कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. कुछ ही देर में डीएसपी कैलाश जिंदल भी मौके पर पहुंचे और हालात की जानकारी ली.
हादसे में 80 प्रतिशत तक झुलसे चालक विनोद कुमार मेहर को इलाज के लिए पिनान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
मृतकों की पहचान की जा रही है
एसपी सुधीर चौधरी ने भी मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. फिलहाल हादसे में मारे गए लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चलती कार में आग लगने की वजह क्या थी.
ये भी पढ़ें- Love Rashifal: डेट पर जाएंगे इन 2 राशि के जातक, इनकी होगी किसी खास से मुलाकात, जानें आज का लव राशिफल