Delhi Beer Sales: राजधानी में इस साल मई के दौरान बीयर की बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है. आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार, लोकप्रिय राष्ट्रीय ब्रांडों की बाजार में वापसी के बाद बीयर की मांग में करीब 10 प्रतिशत का इजाफा हुआ है.
विभाग के आंकड़े बताते हैं कि मई 2026 में बीयर की बिक्री बढ़कर 11,12,761 केस तक पहुंच गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 10,10,524 केस था.
राष्ट्रीय ब्रांडों की हिस्सेदारी में बड़ा उछाल
दिल्ली के बीयर बाजार में इस वर्ष राष्ट्रीय ब्रांडों की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ी है. मई 2026 में इनकी हिस्सेदारी लगभग 54 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि 2024 में यह 38 प्रतिशत और 2025 में केवल 24 प्रतिशत थी.
वहीं दूसरी ओर, कम लोकप्रिय ब्रांडों और नेपाल तथा भूटान से आयातित बीयर की हिस्सेदारी में गिरावट देखने को मिली है. इनकी बाजार हिस्सेदारी घटकर 46 प्रतिशत रह गई, जो पहले 62 प्रतिशत तक पहुंच चुकी थी.
रेस्तरां और क्लबों में भी बढ़ी ताजा बीयर की मांग
ताजा बीयर (फ्रेश बीयर) की बिक्री मुख्य रूप से रेस्तरां और क्लबों में केंद्रित रही. मई के दौरान कुल 1,521 केस के बराबर ताजा बीयर की बिक्री दर्ज की गई. इनमें से 1,365 केस के बराबर बिक्री रेस्तरां के माध्यम से हुई, जबकि क्लबों में 126 केस के बराबर ताजा बीयर की खपत दर्ज की गई.
गर्मी के मौसम में बढ़ती है मांग
अधिकारियों का कहना है कि मई और जून को बीयर की खपत का पीक सीजन माना जाता है. बढ़ते तापमान के बीच लोग ठंडे पेय पदार्थों को प्राथमिकता देते हैं, जिससे इस अवधि में बीयर की मांग स्वाभाविक रूप से बढ़ जाती है.
ये भी पढ़ें- Jorhat Plane Crash: AN-32 हादसे में IAF के 5 जवान शहीद, एक पायलट का इलाज जारी, जांच के आदेश