Hmamza Bin Laden: 11 सितंबर 2001 का दिन अमेरिका के इतिहास के सबसे दर्दनाक दिनों में गिना जाता है. इसी दिन अल-कायदा के आतंकियों ने अमेरिका में बड़े आतंकी हमलों को अंजाम दिया था. वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए हमले ने पूरी दुनिया को हिला दिया था. अब 9/11 हमलों की 25वीं बरसी पर अल-कायदा ने अपने पूर्व प्रमुख ओसामा बिन लादेन के बेटे हमजा बिन लादेन का एक वीडियो जारी किया है. खास बात यह है कि अमेरिका ने करीब 7 साल पहले उसके मारे जाने की खबर दी थी.
11 सितंबर हमलों की 25वीं बरसी के मौके पर जारी किए गए इस वीडियो में हमजा बिन लादेन नजर आ रहा है. हमजा को लंबे समय तक अल-कायदा के संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जाता रहा है. अमेरिकी अधिकारियों ने 2019 में दावा किया था कि एक आतंकवाद विरोधी अभियान में उसकी मौत हो गई थी.
50 मिनट के वीडियो में कई बार दिखा हमजा
यह वीडियो अल-कायदा की आधिकारिक मीडिया शाखा अस-सहब ने जारी किया है. इसका नाम ‘ए क्वार्टर सेंचुरी ऑफ द 11 सितंबर रेड्स’ रखा गया है. करीब 50 मिनट के इस वीडियो में हमजा कई बार दिखाई देता है. उसके सामने आने से खुफिया मामलों के जानकारों का ध्यान इस ओर गया है, क्योंकि पहले ऐसी खबरें सामने आई थीं कि वह अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा के पास मारा गया है.
वीडियो में अल-कायदा के पूर्व प्रमुख अयमान अल-जवाहिरी की कुछ ऐसी तस्वीरें भी दिखाई गई हैं, जो पहले सार्वजनिक नहीं हुई थीं.
सफेद पगड़ी और पास में रखी असॉल्ट राइफल
वीडियो में हमजा एक टूटी हुई मिट्टी की दीवार के पास बैठा नजर आ रहा है. उसने सफेद पगड़ी पहन रखी है और उसके पास एक असॉल्ट राइफल रखी दिखाई देती है. इसे हमजा का अब तक सामने आया सबसे प्रमुख वीडियो फुटेज बताया जा रहा है.
रिपोर्ट के मुताबिक, अल-कायदा ने अयमान अल-जवाहिरी की मौत को लेकर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है और न ही उसके लिए अपना पारंपरिक शोक संदेश जारी किया. वीडियो में संगठन ने अपने मौजूदा नेतृत्व से जुड़े विचारों और प्रचार पर जोर दिया है. साथ ही बिन लादेन परिवार के नाम का इस्तेमाल अपने प्रचार और भर्ती संदेशों में किया गया है.
वीडियो की शुरुआत में 9/11 जैसे अंतरराष्ट्रीय हमलों के बजाय एक क्षेत्रीय अभियान को दिखाया गया है. शुरुआती हिस्से में सितंबर 2014 में अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट की ओर से कराची नौसैनिक अड्डे पर किए गए हमले के फुटेज भी शामिल हैं.
2019 में सामने आई थी हमजा की मौत की खबर
हमजा बिन लादेन को ओसामा बिन लादेन का संभावित उत्तराधिकारी माना जाता था. साल 2019 में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से उसके मारे जाने की खबर सामने आई थी. हालांकि, उसकी मौत को लेकर अमेरिका की ओर से ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई थी.
अब नए वीडियो में हमजा के नजर आने के बाद उसकी मौत को लेकर पुराने दावों पर फिर सवाल उठने लगे हैं. हालांकि, अल-कायदा ने भी इस वीडियो के जरिए यह साफ नहीं किया है कि हमजा जिंदा है या उसकी मौत को लेकर पहले सामने आई खबरें गलत थीं.
9/11 हमलों में 2,977 लोगों की हुई थी मौत
11 सितंबर 2001 को अल-कायदा के 19 आतंकियों ने चार यात्री विमानों का अपहरण किया था. इनमें से दो विमानों को न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के ट्विन टावर्स से टकराया गया, जिसके बाद दोनों इमारतें ढह गईं. तीसरा विमान पेंटागन से टकराया, जबकि चौथा विमान यात्रियों के विरोध के बाद पेंसिल्वेनिया के शैंक्सविल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.
इन हमलों में कुल 2,977 लोगों की जान गई थी. इसके बाद अमेरिका समेत दुनियाभर में सुरक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए. 9/11 की 25वीं बरसी पर अमेरिका में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क के मुख्य स्मरणोत्सव कार्यक्रम के बजाय पेंटागन में आयोजित समारोह में हिस्सा लिया. इसी बीच हमजा बिन लादेन का वीडियो सामने आने से अल-कायदा और उसके पुराने नेतृत्व को लेकर चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है.
ये भी पढ़ें- India-EU Trade Deal: 19 साल का इंतजार खत्म! 'मदर ऑफ ऑल डील' पर जल्द लगेगी मुहर, क्या-क्या होगा सस्ता?