अक्षय कुमार की 8 घंटे की शिफ्ट का राज आया सामने, रवि किशन ने भी की जमकर तारीफ

Akshay Kumar: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार अपनी फिल्मों के साथ-साथ काम करने के तेज अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं. वह साल में कई फिल्में करते हैं और कम समय में शूटिंग पूरी करने के लिए मशहूर हैं. अब अभिनेता ने अपने काम करने के तरीके को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है.

akshay-kumar-eight-hour-work-shift-producers-revelation
Image Source: Internet

Akshay Kumar: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार अपनी फिल्मों के साथ-साथ काम करने के तेज अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं. वह साल में कई फिल्में करते हैं और कम समय में शूटिंग पूरी करने के लिए मशहूर हैं. अब अभिनेता ने अपने काम करने के तरीके को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है. अक्षय ने बताया कि वह रोजाना सिर्फ 8 घंटे काम करते हैं और इस वजह से कुछ बड़े निर्माता उन्हें अपनी फिल्मों में कास्ट करने से हिचकिचाते हैं.

8 घंटे की शिफ्ट को लेकर चर्चा में आए अक्षय कुमार

हाल ही में 'कॉफी विद करण सीजन 9' के सातवें एपिसोड में अक्षय कुमार और रवि किशन साथ नजर आए. शो के दौरान दोनों ने खूब मस्ती की, लेकिन बातचीत के बीच अक्षय ने अपने करियर और काम करने के तरीके को लेकर कुछ ऐसी बातें बताईं, जिन्होंने सबका ध्यान खींच लिया.

करण जौहर ने अक्षय की तारीफ करते हुए कहा कि वह नए निर्देशकों और निर्माताओं का काफी ध्यान रखते हैं. इस पर अभिनेता ने जवाब दिया कि यह भी सच है कि कई बड़े लोग उन्हें अपनी फिल्मों में कास्ट नहीं करना चाहते.

वैनिटी वैन में भी नहीं जाते अक्षय

अक्षय कुमार ने बताया कि वह केवल 8 घंटे काम करते हैं, लेकिन इन घंटों में पूरी तरह शूटिंग पर ध्यान देते हैं. अभिनेता के मुताबिक, वह शूटिंग के दौरान अपनी वैनिटी वैन में भी नहीं जाते. उनका कहना है कि लोग उन्हें हमेशा फिट, तरोताजा और जोश से भरा देखना चाहते हैं, न कि थका हुआ.

अक्षय ने बताया कि वह आठ घंटे काम करते हैं और आठ घंटे सोते हैं. बाकी समय परिवार के साथ बिताते हैं, खाना खाते हैं और अपनी सेहत का ध्यान रखते हैं.

 

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Karan Johar (@karanjohar)

रवि किशन ने बताया अक्षय की तेजी का राज

शो में मौजूद रवि किशन ने भी अक्षय कुमार के काम करने के तरीके की तारीफ की. उन्होंने बताया कि वह अब तक चार फिल्मों में अक्षय के साथ काम कर चुके हैं. रवि के मुताबिक, अक्षय शूटिंग के दौरान पूरी तरह काम में जुट जाते हैं और बेहद तेजी से अपना काम पूरा करते हैं.

रवि किशन ने कहा कि अक्षय की इस आदत से फिल्म के निर्माता का पैसा बचता है. उनकी वजह से फिल्म की यूनिट में काम करने वाले 300 से 400 लोगों को भी रोजगार मिलता है. कम समय में फिल्म पूरी होने से निर्माता भी खुश रहते हैं. रवि ने बताया कि अक्षय अपनी फिल्में करीब 55 दिनों में पूरी कर लेते हैं.

क्रिस्टोफर नोलन और टॉम क्रूज का भी दिया उदाहरण

अक्षय कुमार ने अपनी फिल्मों की शूटिंग जल्दी पूरी करने के सवाल पर हॉलीवुड का उदाहरण भी दिया. उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनसे पूछते हैं कि वह अपनी फिल्में 60 से 65 दिनों में कैसे पूरी कर लेते हैं.

अभिनेता ने बताया कि उन्होंने हाल ही में निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन का एक इंटरव्यू पढ़ा था, जिसमें फिल्म पूरी करने के लिए करीब 90 दिनों से ज्यादा समय नहीं लेने की बात सामने आई थी. उन्होंने टॉम क्रूज की फिल्म 'मिशन: इम्पॉसिबल' का भी जिक्र किया, जिसे कथित तौर पर 55 दिनों में पूरा किया गया था.

अक्षय ने सवाल उठाया कि जब वह समय पर काम पूरा कर रहे हैं, तो लोग उनसे इतनी सारी फिल्में करने पर सवाल क्यों करते हैं. उन्होंने कहा कि अगर वह काम नहीं करेंगे, तो फिर क्या करेंगे?

दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की शिफ्ट पर भी हुई थी चर्चा

बेटी दुआ के जन्म के बाद दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की शिफ्ट की मांग को लेकर भी फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा हुई थी. खबरों के मुताबिक, इसी मुद्दे को लेकर वह निर्देशक संदीप रेड्डी वंगा की फिल्म 'स्पिरिट' से अलग हो गई थीं. अब अक्षय कुमार के इस खुलासे ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री में काम के घंटों और कलाकारों की प्राथमिकताओं पर चर्चा छेड़ दी है.

यह भी पढ़ें: 'हनुमान अंश' की OTT रिलीज में ट्विस्ट, अब दो प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे फिल्म