Hanuman Ansh OTT Release: नीम करोली बाबा के जीवन और शिक्षाओं पर बनी फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर सबको चौंका दिया. अब फिल्म की सफलता के बाद इसे लेकर एक और बड़ी खबर सामने आई है. पहले सोनी लिव ने फिल्म की डिजिटल रिलीज का ऐलान किया था, लेकिन अब नेटफ्लिक्स ने भी इसकी स्ट्रीमिंग डेट बता दी है. ऐसे में दर्शक इस फिल्म को दो अलग-अलग OTT प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे.
कब और कहां रिलीज होगी 'हनुमान अंश'?
इस महीने की शुरुआत में सोनी लिव ने घोषणा की थी कि 'हनुमान अंश' 27 नवंबर से उसके प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगी. अब नेटफ्लिक्स ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है. फिल्म 29 नवंबर से नेटफ्लिक्स इंडिया पर उपलब्ध होगी. हालांकि, दोनों प्लेटफॉर्म पर फिल्म अलग-अलग भाषाओं में रिलीज होगी. हिंदी वर्जन के लिए मेकर्स ने सोनी लिव के साथ डील की है, जबकि तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और गुजराती भाषाओं में फिल्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी.
नेटफ्लिक्स ने शेयर किया खास पोस्ट
नेटफ्लिक्स ने फिल्म की रिलीज का ऐलान करते हुए लिखा, 'आस्था ने उसका जीवन बदल दिया. उसकी भक्ति ने हजारों लोगों की जिंदगी बदल दी. भगवान हनुमान के एक सच्चे भक्त की दिव्य कहानी देखें, अब नेटफ्लिक्स पर.' प्लेटफॉर्म के मुताबिक, 'हनुमान अंश' का तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और गुजराती वर्जन 29 नवंबर को नेटफ्लिक्स इंडिया पर रिलीज होगा.
Faith changed his life. His devotion changed thousands. Experience the divine story of Lord Hanuman's devout disciple, now on Netflix ✨ Watch Hanuman Ansh, out 29 November in Telugu, Tamil, Kannada, Malayalam, & Gujarati, on Netflix India. https://t.co/Xbu6kuNRsy
— Netflix India (@NetflixIndia) November 25, 2026
कभी OTT प्लेटफॉर्म ने कर दिया था रिजेक्ट
'हनुमान अंश' की सफलता की कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि फिल्म को शुरुआत में बॉक्स ऑफिस पर खास रिस्पॉन्स नहीं मिला था. रिलीज के शुरुआती दो हफ्तों में कमाई के लिए संघर्ष करने के बाद तीसरे हफ्ते फिल्म ने रफ्तार पकड़ी और दर्शकों के बीच अपनी मजबूत जगह बना ली.
फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने कुछ समय पहले बताया था कि एक OTT प्लेटफॉर्म ने कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए उनकी फिल्म को रिजेक्ट कर दिया था. हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर मिली सफलता के बाद फिल्म को लेकर तस्वीर बदल गई.
'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर कितनी कमाई की?
फिल्म के कारोबार से जुड़े दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, 'हनुमान अंश' ने दुनियाभर में करीब 453.46 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई की है. भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 404.66 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 342.99 करोड़ रुपये बताया गया है. वहीं, विदेशों से फिल्म ने 48.80 करोड़ रुपये कमाए.
भाषा के हिसाब से देखें तो फिल्म के हिंदी वर्जन ने 337.08 करोड़ रुपये और तेलुगु वर्जन ने 5.91 करोड़ रुपये का कारोबार किया. इसके अलावा, खबरों के मुताबिक सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया ने फिल्म के OTT राइट्स 63 करोड़ रुपये में खरीदे हैं. हालांकि, नेटफ्लिक्स के साथ हुई डील की रकम को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें: अनु अग्रवाल की मिनी ड्रेस पर मचा बवाल, किसी ने कहा 'बूढ़ी' तो फैंस ने दिया करारा जवाब