अस्पताल ने बनाया ₹1.6 करोड़ का बिल, फिर AI चैटबॉट ने करवा दिया ₹29 लाख, जानें कैसे हुआ ये कमाल

कभी-कभी अस्पतालों का बिल इतना ज्यादा होता है कि लोगों को समझ नहीं आता कि आखिर इतना पैसा क्यों लिया जा रहा है. ऐसा ही एक दिलचस्प मामला अमेरिका से सामने आया है, जिसमें एक आदमी ने AI चैटबॉट की मदद से एक गलती पकड़कर अस्पताल के बिल में भारी कमी करवा ली.

AI chatbot identified an error and helped reduce a hospital bill by over one crore
Image Source: Freepik

कभी-कभी अस्पतालों का बिल इतना ज्यादा होता है कि लोगों को समझ नहीं आता कि आखिर इतना पैसा क्यों लिया जा रहा है. ऐसा ही एक दिलचस्प मामला अमेरिका से सामने आया है, जिसमें एक आदमी ने AI चैटबॉट की मदद से एक गलती पकड़कर अस्पताल के बिल में भारी कमी करवा ली. यह कहानी एक आम व्यक्ति की है, जिसने तकनीक का सही इस्तेमाल कर एक करोड़ रुपये से अधिक बचत की. आइये, जानते हैं कि कैसे एक AI चैटबॉट ने इस मामले में मदद की और अस्पताल के बिल को सही किया.

ICU बिल: एक हार्ट अटैक से जुड़ी हकीकत

इस घटना की शुरुआत एक दुखद स्थिति से होती है. हार्ट अटैक के कारण एक व्यक्ति का जीजा अस्पताल में भर्ती था, जहां उसे चार घंटे तक ICU में रखा गया. इन चार घंटों का बिल अस्पताल ने 1.6 करोड़ रुपये के आसपास भेजा. इतना बड़ा बिल देखकर यह व्यक्ति चौंक गया, लेकिन उसने इस बिल की सही जांच करने का फैसला किया. और यहां AI चैटबॉट की मदद से उसे मिली एक बड़ी राहत.

AI चैटबॉट ने ढूंढी गलतियां

इस व्यक्ति ने एंथ्रोपिक के Claude AI चैटबॉट की मदद ली और बिल का विश्लेषण कराया. चैटबॉट ने पाया कि अस्पताल ने बिल में कई गड़बड़ियां की थीं. खासकर ऑपरेशन के खर्च में भारी गड़बड़ी थी. अस्पताल ने एक बार ऑपरेशन का पूरा खर्च लिया था, लेकिन फिर ऑपरेशन में उपयोग किए गए सामान के लिए भी अलग-अलग शुल्क जोड़ दिए थे. इस कारण बिल में लगभग 90 लाख रुपये अतिरिक्त आ गए थे. इसके अलावा भी कई अनावश्यक खर्चे जोड़े गए थे, जिनकी कोई जरूरत नहीं थी.

अस्पताल को किया गया कानूनी चेतावनी पत्र भेजा

जब गलतियां पकड़ी गईं, तो उस आदमी ने AI चैटबॉट के सहारे एक पत्र तैयार किया और अस्पताल को भेज दिया. इस पत्र में बताया गया कि बिल में हुई गड़बड़ियों के बारे में और चेतावनी दी गई कि अगर यह गलती सही नहीं की गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस पत्र का असर हुआ और अस्पताल ने अपना बिल संशोधित कर दिया, जिससे कुल बिल की रकम 1.6 करोड़ रुपये से घटकर केवल 29 लाख रुपये रह गई.

सोशल मीडिया पर AI चैटबॉट की सराहना

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर AI चैटबॉट्स की खूब सराहना हो रही है. लोगों का मानना है कि तकनीकी मदद से कभी-कभी हम अपने अधिकारों की रक्षा कर सकते हैं और अनावश्यक खर्चों से बच सकते हैं. इस मामले में AI चैटबॉट ने न केवल एक बड़ी रकम बचाई, बल्कि यह भी साबित किया कि तकनीक का सही इस्तेमाल जीवन को आसान बना सकता है.

ये भी पढ़ें: WhatsApp पर अब साइबर अटैक से बचना होगा आसान, जल्द आने वाला है धांसू सेफ्टी फीचर, जानें पूरी जानकारी