Agra Honor Killing: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक बार फिर इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. ऑनर किलिंग के एक बेहद दर्दनाक मामले में एक पिता पर अपनी ही 18 वर्षीय गर्भवती बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है. शुरुआती जांच के अनुसार बेटी के प्रेम संबंध और गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद परिवार में तनाव बढ़ गया था. इसके बाद पिता ने इलाज के बहाने उसे आगरा के बासौनी क्षेत्र में बुलाया और चंबल नदी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी.
हत्या के बाद गुमशुदगी का खेल
पुलिस के मुताबिक आरोपी पिता लखपत सिंह मूल रूप से आगरा के बासौनी थाना क्षेत्र के लखनपुरा गांव का निवासी है, लेकिन लंबे समय से दिल्ली के तिगड़ी इलाके में परिवार के साथ रह रहा था. आरोप है कि 29 जुलाई को वह बेटी खुशी को दवा दिलाने का बहाना बनाकर आगरा लाया और चंबल नदी में उसकी हत्या कर दी. इतना ही नहीं, वारदात के दौरान उसने वीडियो और तस्वीरें भी बनवाईं. इसके बाद वह दिल्ली लौट गया और बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराकर पूरे मामले को गुमशुदगी का रूप देने की कोशिश की.
दिल्ली पुलिस की जांच में पिता पर गहराया शक
गुमशुदगी की शिकायत दर्ज होने के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की. पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पिता की कहानी संदिग्ध लगी. जांच आगे बढ़ने पर शक गहराया और आखिरकार आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया. अदालत से रिमांड मिलने के बाद दिल्ली पुलिस उसे आगरा लेकर पहुंची, जहां स्थानीय पुलिस की मदद से घटनास्थल की जांच की गई. आरोपी के साथ उसका एक रिश्तेदार भी पुलिस की निगरानी में है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं.
चंबल नदी में शव की तलाश
मंगलवार को दिल्ली पुलिस और बासौनी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से चंबल नदी के आसपास तलाशी अभियान शुरू किया. पुलिस की टीम संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक युवती का शव बरामद नहीं हो सका था. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की निशानदेही के आधार पर तलाश जारी है और मामले से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है. शव मिलने के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है.
आगरा में यह लगातार दूसरा ऐसा मामला है जिसने ऑनर किलिंग की भयावह तस्वीर सामने रख दी है. इससे पहले जैतपुर क्षेत्र में प्रेम विवाह करने वाली 22 वर्षीय युवती की हत्या का मामला भी सुर्खियों में रहा था.
ये भी पढ़ें: प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से सनसनी! किराए के मकान में मिले तीन शव, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस