Aaj Ka Rashifal 15 August: आज का दिन धार्मिक और राष्ट्रीय दोनों दृष्टि से खास है. आज श्रावण शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि है और शनिवार का दिन है. तृतीया तिथि शाम 5 बजकर 30 मिनट तक रहेगी. इसके बाद चतुर्थी तिथि का आरंभ होगा. आज पूरे दिन और रात पार कर कल सुबह 5 बजकर 21 मिनट तक सिद्ध योग रहेगा, जबकि उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र देर रात 3 बजकर 26 मिनट तक प्रभावी रहेगा. आज हरियाली तीज का व्रत भी रखा जा रहा है, इसलिए दिन का धार्मिक महत्व और बढ़ गया है. हरियाली तीज को सुहाग, दांपत्य सुख और पारिवारिक समृद्धि से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व माना जाता है. ऐसे शुभ संयोग में ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति का असर सभी राशियों पर अलग-अलग देखने को मिल सकता है.
मेष राशि
मेष राशि वालों के लिए आज का दिन उत्साह और नई खुशियों से भरा रहने वाला है. कारोबार में निवेश करने के लिए समय अनुकूल रहेगा और सही दिशा में उठाया गया कदम भविष्य में लाभ दे सकता है. परिवार में किसी बड़ी खुशखबरी के आने से वातावरण खुशनुमा रहेगा. विद्यार्थियों को पढ़ाई में किसी तरह की लापरवाही से बचना होगा. मेहनत बढ़ाने पर सफलता के अच्छे योग बन रहे हैं. डेकोरेशन से जुड़े लोगों को बड़ा ऑर्डर मिल सकता है. परिवार के साथ नए वाहन की खरीदारी को लेकर भी चर्चा हो सकती है.
वृष राशि
वृष राशि वालों के लिए आज का दिन सामान्य से बेहतर रह सकता है. व्यापारिक गतिविधियों में बदलाव के संकेत हैं और यह परिवर्तन आपके लिए लाभकारी साबित हो सकता है. कार्यक्षेत्र में किए गए प्रयासों का सकारात्मक परिणाम मिलेगा. विद्यार्थी किसी प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए अपने सीनियर्स की मदद ले सकते हैं. परिवार में आपसी तालमेल बना रहेगा, जिससे मन प्रसन्न रहेगा. स्वास्थ्य में सुधार महसूस होगा और पहले की अपेक्षा अधिक ऊर्जा महसूस करेंगे. दोस्तों के साथ बाहर घूमने का मौका भी मिल सकता है.
मिथुन राशि
मिथुन राशि के जातकों के लिए आज का दिन नई संभावनाएं लेकर आ सकता है. किसी जरूरतमंद की मदद करने से मन को संतोष मिलेगा. रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को नए अवसर प्राप्त हो सकते हैं, जो करियर में आगे बढ़ने का रास्ता खोलेंगे. किसी पुरानी शारीरिक परेशानी से राहत मिलने के कारण आप खुद को अधिक ऊर्जावान महसूस करेंगे. सामाजिक गतिविधियों में आपकी भागीदारी बढ़ेगी और सम्मान भी प्राप्त हो सकता है. आज जरूरी कामों को प्राथमिकता देकर समय पर पूरा करना आपके लिए फायदेमंद रहेगा.
कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन काफी अनुकूल रहने वाला है. नौकरीपेशा लोगों के लिए प्रमोशन के योग बन रहे हैं. इस राशि की महिलाएं घर से किसी नए काम की शुरुआत कर सकती हैं और परिवार का पूरा सहयोग मिलने की संभावना है. लंबे समय बाद किसी रिश्तेदार से बातचीत होगी, जिससे पुराने मतभेद दूर हो सकते हैं. काम के सिलसिले में अचानक यात्रा करनी पड़ सकती है, लेकिन इसके परिणाम सकारात्मक रहेंगे. विद्यार्थियों को किसी कठिन विषय को समझने में सीनियर की मदद मिलेगी.
सिंह राशि
सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन सकारात्मक ऊर्जा से भरा रहेगा. आप किसी नए काम की शुरुआत कर सकते हैं और इसमें जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा. दोस्तों के साथ घूमने या छोटी यात्रा की योजना बन सकती है. हालांकि खान-पान को लेकर सावधानी बरतना जरूरी होगा और बाहर के भोजन से दूरी रखना बेहतर रहेगा. राजनीति से जुड़े लोगों को किसी सभा या कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिल सकता है, जहां वे अपने विचार प्रभावी तरीके से रख पाएंगे. ससुराल पक्ष से शुभ समाचार मिलने से परिवार में खुशी का माहौल बनेगा.
कन्या राशि
कन्या राशि वालों के लिए दिन की शुरुआत सकारात्मक माहौल के साथ होगी. कारोबार में किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह आपके काम करने के तरीके को बेहतर बनाने में मदद करेगी. दूसरों के निजी मामलों में हस्तक्षेप करने से बचें और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखें. सामाजिक कार्यों में आपकी रुचि बढ़ेगी और राजनीतिक स्तर पर भी सहयोग मिल सकता है. धार्मिक गतिविधियों की ओर मन आकर्षित होगा और घर में पूजा-पाठ का आयोजन कर सकते हैं. बच्चों की सफलता आपको गर्व और खुशी दोनों देगी.
तुला राशि
तुला राशि के लिए आज का दिन आर्थिक और पारिवारिक दृष्टि से अच्छा रहेगा. कारोबार में धन लाभ के अवसर बनेंगे और घर में सुख-शांति का वातावरण बना रहेगा. किसी नए काम को शुरू करने का विचार मन में आ सकता है, जिसमें मित्र का सहयोग उपयोगी साबित होगा. ऑफिस में आपके काम से वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित होंगे और प्रमोशन को लेकर विचार किया जा सकता है. नया घर खरीदने की योजना भी बन सकती है. इस मामले में बड़े-बुजुर्गों की सलाह लेना आपके लिए लाभदायक रहेगा. दांपत्य जीवन में प्रेम और मधुरता बनी रहेगी.
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन मिला-जुला परिणाम देने वाला रहेगा. छोटी-छोटी उपलब्धियों और खुशियों को महसूस करने का प्रयास करेंगे तो मन प्रसन्न रहेगा. फर्नीचर कारोबार से जुड़े लोगों को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक मुनाफा मिलने के योग हैं. बेटे की सफलता से परिवार में उत्सव जैसा माहौल बन सकता है. नकारात्मक सोच रखने वाले लोगों से दूरी बनाए रखना बेहतर होगा, क्योंकि उनका प्रभाव आपके काम पर पड़ सकता है. किसी महत्वपूर्ण कार्य में जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा और काम समय पर पूरा हो जाएगा.
धनु राशि
धनु राशि वालों के लिए आज का दिन नई ऊर्जा और उत्साह के साथ शुरू होगा. बड़ों का आशीर्वाद मिलेगा और लंबे समय से अटके हुए कार्यों में दोबारा गति आ सकती है. शिक्षकों के लिए दिन खास तौर पर सकारात्मक रहेगा और वे अपने कार्यों को उत्साह के साथ पूरा करेंगे. जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का अवसर मिलेगा, जिससे मन को संतुष्टि प्राप्त होगी. सोशल मीडिया पर आपकी किसी पोस्ट को लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल सकती है. हालांकि व्यस्तता के बीच स्वास्थ्य की अनदेखी न करें और आराम के लिए भी समय निकालें.
मकर राशि
मकर राशि वालों के लिए आज का दिन करियर और कारोबार की दृष्टि से महत्वपूर्ण रह सकता है. नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को किसी मल्टीनेशनल कंपनी से अच्छा ऑफर मिल सकता है, जिससे करियर को नई दिशा मिलेगी. व्यापारियों को ऑनलाइन माध्यम से बड़ा कॉन्ट्रैक्ट प्राप्त होने की संभावना है. इससे आर्थिक लाभ के रास्ते खुलेंगे. दिन में कुछ समय अकेले बिताने से मानसिक शांति मिलेगी और आप खुद को बेहतर तरीके से समझ पाएंगे. दांपत्य जीवन में सौहार्द बढ़ेगा और जीवनसाथी का सहयोग आपको प्रसन्न रखेगा.
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है. कारोबार में बदलाव को लेकर बड़े-बुजुर्गों की सलाह आपके लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है. सही मार्गदर्शन से बिजनेस को नई दिशा देने की कोशिश सफल होगी. नवविवाहित दंपत्तियों के बीच प्रेम और सामंजस्य बना रहेगा. जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की आपकी कोशिश आपको भीतर से सुकून देगी. ऑफिस में फोन का अनावश्यक इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि सहकर्मियों के बीच आपकी चर्चा हो सकती है. संगीत के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए दिन विशेष रूप से अच्छा है और बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सकता है.
मीन राशि
मीन राशि वालों के लिए आज का दिन अनुकूल परिणाम लेकर आएगा. कार्यस्थल पर अपने काम पर पूरा ध्यान रखें और बेवजह के विवाद या उलझनों से दूर रहना समझदारी होगी. घर में मेहमानों के आने से माहौल खुशनुमा हो जाएगा. लोहे के कारोबार से जुड़े लोगों की बिक्री में बढ़ोतरी होने की संभावना है. खरीदारी के दौरान महिलाओं को अपने पर्स और जरूरी सामान की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए. जीवनसाथी की ओर से कोई महंगा उपहार मिल सकता है, जिससे दिन की खुशियां और बढ़ जाएंगी.
ये भी पढ़ें: Hariyali Teej 2026: हरियाली तीज पर इन रंगों के कपड़े पहनकर करें श्रृंगार, बरसेगा सौभाग्य और खुशियां