National Film Awards 2026: भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में शामिल 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में इस बार कई बड़े नामों ने सुर्खियां बटोरीं. अभिनेता कार्तिक आर्यन और मलयालम सिनेमा के दिग्गज ममूटी को बेस्ट एक्टर का सम्मान मिला, जबकि यामी गौतम ने बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड अपने नाम किया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने समारोह में फिल्म जगत की इन हस्तियों को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया.
पहली बार गुजरात में हुआ नेशनल अवॉर्ड समारोह
72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का आयोजन गुजरात के केवड़िया में किया गया. नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स के इतिहास में यह पहली बार है जब पुरस्कार समारोह दिल्ली से बाहर गुजरात में आयोजित हुआ. समारोह में अलग-अलग भाषाओं और क्षेत्रों से जुड़े कलाकारों व फिल्ममेकर्स को उनके उल्लेखनीय काम के लिए सम्मानित किया गया.
ममूटी ने ‘ब्रमायुगम’ के लिए जीता अवॉर्ड
मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार ममूटी को फिल्म ‘ब्रमायुगम’ में दमदार अभिनय के लिए बेस्ट एक्टर का सम्मान मिला. राहुल सदाशिवन के निर्देशन में बनी यह 2024 की डार्क फैंटेसी लोक हॉरर फिल्म है, जिसमें ममूटी के साथ अर्जुन अशोकन और सिद्धार्थ भरथन भी अहम भूमिकाओं में नजर आए. इस अवॉर्ड के साथ ममूटी के नाम अब चार नेशनल अवॉर्ड हो गए हैं.
कार्तिक आर्यन को मिला पहला नेशनल अवॉर्ड
कार्तिक आर्यन के लिए यह सम्मान बेहद खास रहा, क्योंकि यह उनका पहला नेशनल अवॉर्ड है. उन्हें कबीर खान के निर्देशन में बनी फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के लिए बेस्ट एक्टर का पुरस्कार मिला. फिल्म में उन्होंने पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाया था और अपने अभिनय से इस किरदार को पर्दे पर जीवंत किया.
‘प्यार का पंचनामा’ से नेशनल अवॉर्ड तक का सफर
कार्तिक आर्यन ने 2011 में ‘प्यार का पंचनामा’ से फिल्मी सफर शुरू किया था. इसके बाद वह ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’, ‘लुका छुपी’, ‘पति पत्नी और वो’, ‘धमाका’, ‘भूल भुलैया 2’, ‘सत्यप्रेम की कथा’ और ‘भूल भुलैया 3’ जैसी फिल्मों में नजर आए. आने वाले समय में भी उनकी कई बड़ी फिल्में लाइनअप में हैं, जिनमें अनुराग बसु की अनटाइटल्ड फिल्म, ‘नागजिला’, कबीर खान की अनटाइटल्ड फिल्म और ‘कैप्टन इंडिया’ शामिल हैं.
यामी गौतम को ‘आर्टिकल 370’ के लिए सम्मान
यामी गौतम ने ‘आर्टिकल 370’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीता. आदित्य सुहास जंभाले के निर्देशन में बनी यह एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें यामी ने लीड रोल निभाया था. फिल्म को बेस्ट फीचर फिल्म कैटेगरी में भी सम्मान मिला. फिल्म का निर्माण आदित्य धर, लोकेश धर और ज्योति देशपांडे ने किया है.
अनंत नाग को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार
दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को सिनेमा में उनके लंबे और उल्लेखनीय योगदान के लिए दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया. समारोह में उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन भी मिला. पांच दशक से ज्यादा लंबे करियर में अनंत नाग ने 300 से अधिक फिल्मों में काम किया और कन्नड़ के अलावा हिंदी, तमिल, तेलुगू, मराठी, मलयालम और अंग्रेजी सिनेमा में भी अपनी पहचान बनाई. ‘अंकुर’, ‘मंथन’, ‘भूमिका’ और ‘मालगुड़ी डेज’ जैसे प्रोजेक्ट्स उनके यादगार काम का हिस्सा रहे हैं. रंगमंच से अभिनय की शुरुआत करने वाले अनंत नाग को कर्नाटक राज्य के बेस्ट एक्टर समेत कई सम्मान मिल चुके हैं और 2025 में उन्हें पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया था.
इन फिल्मों को मिला अवॉर्ड
ये भी पढ़ें: दृश्यम की दुनिया से जुड़ी लकी अली की जादुई आवाज़, दूसरे गाने ‘मुस्कुरा दो’ का टीज़र हुआ रिलीज़