घर में अलमारी भरी हो और जरूरत के समय पसंदीदा कपड़ा न मिले तो काफी परेशानी होती है. कई बार एक शर्ट या सूट निकालने के चक्कर में पूरी अलमारी बिखर जाती है. खासकर छोटे घरों में जहां स्टोरेज की जगह सीमित होती है, वहां अलमारी को व्यवस्थित रखना किसी चुनौती से कम नहीं है.
अगर आपकी अलमारी में भी कपड़े रखने की जगह कम पड़ रही है, तो कुछ आसान तरीके अपनाकर आप कम जगह में ज्यादा सामान रख सकते हैं. इसके लिए महंगे ऑर्गेनाइजर खरीदने की भी जरूरत नहीं है. आइए जानते हैं अलमारी को व्यवस्थित रखने के 5 स्मार्ट तरीके.
1. छोटी चीजों के लिए इस्तेमाल करें ड्रॉअर डिवाइडर
अलमारी की दराज में अक्सर मोजे, रुमाल, इनरवियर और छोटी-छोटी एक्सेसरीज एक साथ रखी होती हैं. ऐसे में जरूरत पड़ने पर कोई चीज आसानी से नहीं मिलती. इस परेशानी से बचने के लिए दराज में छोटे-छोटे डिवाइडर या ऑर्गेनाइजर बॉक्स रख सकते हैं.
इनमें हर सामान के लिए अलग जगह बना लें. इससे मोजे, बेल्ट, रुमाल और दूसरी छोटी चीजें व्यवस्थित रहेंगी. आप चाहें तो पुराने छोटे डिब्बों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
2. अलमारी में लगवाएं एक एक्स्ट्रा हैंगिंग रॉड
अगर अलमारी में कपड़े टांगने की जगह कम है, तो एक अतिरिक्त हैंगिंग रॉड लगवा सकते हैं. इसे पहले से लगी रॉड के नीचे लगाया जा सकता है. इससे शर्ट, टॉप, पैंट और छोटे कपड़ों को अलग-अलग टांगने की जगह मिल जाएगी.
खासकर जिन अलमारियों में ऊपर काफी खाली जगह होती है, उनमें यह तरीका काफी काम आ सकता है. इससे कपड़े रखने के लिए अतिरिक्त जगह भी बन जाएगी.
3. मौसमी कपड़ों के लिए रखें स्टोरेज बास्केट
सर्दियों में गर्मियों के कपड़े और गर्मियों में स्वेटर, जैकेट व शॉल अलमारी में काफी जगह घेरते हैं. ऐसे कपड़ों को अलग-अलग स्टोरेज बास्केट में रख सकते हैं. हर बास्केट पर एक लेबल लगा दें, ताकि जरूरत पड़ने पर सामान आसानी से मिल जाए.
इन बास्केट को अलमारी की ऊपर वाली खाली शेल्फ पर रखें. इससे रोजाना इस्तेमाल होने वाले कपड़ों के लिए नीचे ज्यादा जगह मिलेगी और अलमारी भी व्यवस्थित रहेगी.
4. कपड़ों को खड़ा करके रखें, फाइल फोल्डिंग आएगी काम
टी-शर्ट, लेगिंग्स और रोजाना पहनने वाले कपड़ों को एक के ऊपर एक रखने से उन्हें निकालते समय पूरी तह बिगड़ जाती है. इससे बचने के लिए कपड़ों को फाइल फोल्डिंग तरीके से मोड़कर दराज में खड़ा करके रखें.
इस तरीके में हर कपड़ा अलग-अलग दिखाई देता है. ऐसे में बिना पूरी दराज खाली किए अपनी पसंद का कपड़ा आसानी से निकाला जा सकता है. इससे दराज की जगह का भी बेहतर इस्तेमाल होता है.
5. अलमारी के दरवाजे के पीछे लगाएं हुक
अलमारी के दरवाजे के पीछे की जगह अक्सर खाली रहती है. आप इस जगह पर चिपकने वाले हुक या हैंगिंग ऑर्गेनाइजर लगा सकते हैं. इन पर बेल्ट, दुपट्टे, स्कार्फ और छोटे हैंडबैग टांगकर रख सकते हैं.
इससे अलमारी की शेल्फ पर सामान रखने की जगह बचेगी और एक्सेसरीज भी इधर-उधर बिखरी नहीं रहेंगी.
कम जगह में भी व्यवस्थित रहेगी अलमारी
इन छोटी-छोटी ट्रिक्स की मदद से आप बिना ज्यादा खर्च किए अपनी अलमारी को व्यवस्थित रख सकते हैं. इससे न सिर्फ कपड़े ढूंढना आसान होगा, बल्कि अलमारी में अतिरिक्त जगह भी बन जाएगी.
यह भी पढ़ें: पुराने कॉफी मग से बनाएं झूले वाला प्लांटर, बालकनी की खूबसूरती में लगेंगे चार चांद