बिहार में 15 अगस्त तक 11 लाख परिवारों को मिलेगा नया राशन कार्ड, जानें कैसे कर सकते हैं आवेदन

Bihar Ration Card: राज्य में नए राशन कार्ड बनाने का काम तेजी से चल रहा है. खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने 13 अगस्त तक 11 लाख से ज्यादा नए राशन कार्ड बनाने का महाअभियान शुरू किया है.

1.1 million families in Bihar to receive new ration cards by August 15 find out how to apply
Image Source: Social Media

Bihar Ration Card: राज्य में नए राशन कार्ड बनाने का काम तेजी से चल रहा है. खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने 13 अगस्त तक 11 लाख से ज्यादा नए राशन कार्ड बनाने का महाअभियान शुरू किया है. सरकार का लक्ष्य है कि पात्र परिवारों को 15 अगस्त तक नए राशन कार्ड उपलब्ध करा दिए जाएं.

सभी आवेदनों को ऑनलाइन करने के निर्देश

बुधवार को विभाग के विशेष सचिव उपेंद्र कुमार ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की. बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि जितने भी आवेदन प्राप्त हुए हैं, उन्हें जल्द से जल्द ऑनलाइन दर्ज किया जाए. 

अगर ऑनलाइन प्रक्रिया में कोई दिक्कत आ रही है तो उसका तुरंत समाधान किया जाए. उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि आवेदनों का सत्यापन पूरा कर 15 अगस्त तक पूरी प्रक्रिया खत्म कर दी जाए.

हर दिन बन रहे 36 हजार नए राशन कार्ड

विभाग के मुताबिक, फिलहाल हर दिन करीब 36 हजार नए राशन कार्ड तैयार किए जा रहे हैं. अभियान के दौरान जिलों में तेजी से काम किया जा रहा है ताकि तय समय पर सभी पात्र लोगों को राशन कार्ड मिल सके.

आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी?

नया राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदक के पास कुछ जरूरी दस्तावेज होने चाहिए. इनमें आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और परिवार का सामूहिक फोटो शामिल हैं. आवेदन स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के जरिए ऑनलाइन किया जा सकता है. इसके अलावा पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे विशेष शिविरों में भी आवेदन जमा किए जा सकते हैं.

इन जिलों की हुई सराहना

विशेष सचिव उपेंद्र कुमार ने बताया कि सहरसा, सदर, अररिया, बिरौल, दरभंगा सदर, नवादा सदर और गया सदर में ऑनलाइन एंट्री का काम बेहतर तरीके से किया गया है. वहीं मुंगेर, दानापुर और पूर्णिया सदर के अधिकारियों को काम में और तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं.

ये भी पढ़ें- ये वो बांग्लादेश नहीं... 2 साल बाद दुनिया के सामने आईं शेख हसीना, भाषण देते हुए हुईं भावुक