बॉक्स ऑफिस पर इस समय साउथ स्टार नानी की ‘द पैराडाइज’ और सिद्धार्थ मल्होत्रा की ‘द वन’ के बीच कमाई का मुकाबला देखने को मिल रहा है. मंगलवार को जहां ‘द पैराडाइज’ ने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया, वहीं ‘द वन’ भी लगातार अपनी कमाई बढ़ा रही है. खास बात यह है कि सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म में बिहार के छठ महापर्व की झलक देखने को मिल रही है, जिसे दर्शकों की ओर से पसंद किया जा रहा है.
‘द पैराडाइज’ ने पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा
सैकनिल्क के मुताबिक, ‘द पैराडाइज’ ने मंगलवार रात साढ़े 8 बजे तक 2.96 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था. फिल्म को 4,426 शोज मिले और ऑक्यूपेंसी 16.7 प्रतिशत रही. हिंदी वर्जन ने 45 लाख, तमिल वर्जन ने 9 लाख और तेलुगू वर्जन ने 2.42 करोड़ रुपये कमाए. इसी के साथ फिल्म का कुल कलेक्शन 100.06 करोड़ रुपये पहुंच गया है. फिल्म ने पेड प्रिव्यू में 11.60 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि पहले दिन 34.65 करोड़, दूसरे दिन 14.90 करोड़, तीसरे दिन 15.25 करोड़, चौथे दिन 15.70 करोड़ और पांचवें दिन 5 करोड़ रुपये का कारोबार किया था.
‘द वन’ की कमाई भी जारी
सिद्धार्थ मल्होत्रा की ‘द वन’ की बात करें तो फिल्म ने मंगलवार रात साढ़े 8 बजे तक 4.36 करोड़ रुपये की कमाई की. फिल्म को 5,740 शोज मिले और ऑक्यूपेंसी 28 प्रतिशत रही. इससे पहले फिल्म ने पहले दिन 8 करोड़, दूसरे दिन 11.25 करोड़, तीसरे दिन 14.35 करोड़ और चौथे दिन 5.25 करोड़ रुपये कमाए थे. फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 51.49 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 43.21 करोड़ रुपये बताया गया है.
सिद्धार्थ की फिल्म में दिखा छठ का रंग
‘द वन’ का निर्देशन दीपक मिश्रा ने किया है, जबकि फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ तमन्ना भाटिया, सुनील ग्रोवर और श्वेता तिवारी नजर आ रहे हैं. एकता कपूर के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म में बिहार के छठ महापर्व को कहानी का हिस्सा बनाया गया है. फिल्म के गानों को भी दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिलने की बात कही जा रही है. वहीं, नानी की ‘द पैराडाइज’ 100 करोड़ क्लब में पहुंच चुकी है और मंगलवार के कलेक्शन के साथ बॉक्स ऑफिस पर अपनी कमाई का सिलसिला जारी रखे हुए है.
ये भी पढ़ें: हिमेश रेशमिया ने पहली बार कंपोज किया गरबा सॉन्ग 'जय अम्बे बोल', 'ये प्रेम मोल लिया' में नवरात्रि का रंग