MS Dhoni Retirement: महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल से संन्यास के ऐलान के साथ ही क्रिकेट के एक यादगार दौर का अंत हो गया है. चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सालों तक खेलने वाले धोनी ने अपनी कप्तानी, शानदार बल्लेबाजी और विकेट के पीछे फुर्ती से इस लीग में अलग पहचान बनाई. अब वह आईपीएल 2027 में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे. उनके करियर के आंकड़े बताते हैं कि क्यों उन्हें आईपीएल इतिहास के सबसे खास खिलाड़ियों में गिना जाता है.
कप्तानी में CSK को दिलाईं 5 ट्रॉफियां
महेंद्र सिंह धोनी साल 2008 में आईपीएल की शुरुआत से ही चेन्नई सुपर किंग्स का अहम हिस्सा रहे. उनकी कप्तानी में टीम ने पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया. इस दौरान धोनी ने बतौर कप्तान 136 मुकाबलों में जीत दर्ज की. उनकी अगुवाई में चेन्नई ने 2010 और 2014 में चैंपियंस लीग टी20 का खिताब भी जीता. इन उपलब्धियों ने उन्हें आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में शामिल कर दिया.
278 मैचों में बनाए 5439 रन
धोनी ने अपने आईपीएल करियर में कुल 278 मुकाबले खेले. इस दौरान 242 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 38.3 की औसत और 137.45 के स्ट्राइक रेट से 5439 रन बनाए. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 84 रन रहा, जबकि उनके बल्ले से कुल 24 अर्धशतक निकले. लंबे समय तक टीम के लिए खेलने के साथ-साथ उन्होंने कई मौकों पर मुश्किल परिस्थितियों में भी अहम पारियां खेलीं.
100 बार नाबाद लौटने का खास रिकॉर्ड
धोनी की पहचान एक बेहतरीन फिनिशर के तौर पर रही है. आईपीएल में उन्होंने अपनी 242 पारियों में से 100 बार नाबाद रहते हुए पवेलियन का रुख किया. उनके इस रिकॉर्ड से दबाव के समय टीम को संभालने और मैच को आखिरी ओवरों तक ले जाने की क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
चौके-छक्कों से मचाया धमाल
आईपीएल में धोनी ने अपनी बल्लेबाजी से भी फैंस का खूब मनोरंजन किया. उन्होंने पूरे करियर में 375 चौके और 264 छक्के लगाए. उनके दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 18 बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला. कप्तानी के साथ-साथ बल्ले से मैच का रुख बदलने की उनकी काबिलियत ने उन्हें लीग के सबसे लोकप्रिय खिलाड़ियों में जगह दिलाई.
विकेट के पीछे भी बनाया दबदबा
धोनी का योगदान सिर्फ कप्तानी और बल्लेबाजी तक सीमित नहीं रहा. विकेटकीपर के रूप में भी उन्होंने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया. अपने 278 मैचों के करियर में उन्होंने कुल 205 शिकार किए, जिनमें 158 कैच और 47 स्टंपिंग शामिल हैं. विकेट के पीछे उनकी तेजी और सटीक फैसले लेने की क्षमता ने चेन्नई सुपर किंग्स को कई मौकों पर बड़ा फायदा पहुंचाया.
ये भी पढ़ें- IPL 2027: धोनी के संन्यास के बाद CSK में बड़ा फेरबदल, 11 खिलाड़ियों को किया रिलीज, इन पर जताया भरोसा