Masik Rashifal December 2026: दिसंबर 2026 का महीना ज्योतिषीय दृष्टि से कई बड़े बदलाव लेकर आ रहा है. इस दौरान बुध, राहु, केतु, शनि, गुरु और सूर्य की चाल में परिवर्तन होगा, जिसका असर सभी 12 राशियों के करियर, कारोबार, आर्थिक स्थिति, परिवार और प्रेम जीवन पर पड़ सकता है. महीने की शुरुआत में 2 दिसंबर को बुध वृश्चिक राशि में प्रवेश करेंगे. 5 दिसंबर को राहु मकर और केतु कर्क राशि में गोचर करेंगे. इसके बाद 11 दिसंबर को शनि मीन राशि में मार्गी होंगे और 13 दिसंबर को गुरु सिंह राशि में वक्री हो जाएंगे. वहीं, 16 दिसंबर को सूर्य और 22 दिसंबर को बुध धनु राशि में प्रवेश करेंगे. इन ग्रहों के बदलाव से कुछ राशियों को तरक्की के अवसर मिलेंगे, जबकि कुछ को सावधानी बरतनी होगी. आइए जानते हैं सभी 12 राशियों के लिए दिसंबर का महीना कैसा रहेगा.
मेष राशि
मेष राशि के जातकों के लिए दिसंबर का महीना मिश्रित परिणाम देने वाला रहेगा. महीने की शुरुआत में सेहत और रिश्तों पर ध्यान देने की जरूरत होगी. कार्यक्षेत्र में चुनौतियां आ सकती हैं, इसलिए किसी भी काम में लापरवाही न करें. वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों के साथ तालमेल बनाकर चलना फायदेमंद रहेगा. कारोबार में बड़ा निवेश करने से पहले अनुभवी लोगों की सलाह जरूर लें. महीने के मध्य में करियर और कारोबार के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्रा हो सकती है. हालांकि, पिता या परिवार के वरिष्ठ सदस्यों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाएगा.
महीने के उत्तरार्ध में परिस्थितियों में सुधार होगा. शिक्षा और शोध से जुड़े लोगों को कोई बड़ी उपलब्धि मिल सकती है. प्रेम संबंधों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और बातचीत की कमी से दूरियां बढ़ सकती हैं. रिश्तों को मजबूत बनाने के लिए साथी की भावनाओं को समझना जरूरी होगा. उपाय के तौर पर प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा करें और बजरंग बाण का पाठ करें.
वृषभ राशि
वृषभ राशि वालों के लिए दिसंबर की शुरुआत शुभ और सकारात्मक रहेगी. इस दौरान आपके कई रुके हुए काम पूरे हो सकते हैं. नौकरी और कारोबार में मनचाही प्रगति के योग हैं. हालांकि, महीने के दूसरे सप्ताह में घर और कार्यक्षेत्र से जुड़ी कुछ परेशानियां सामने आ सकती हैं. मित्रों और शुभचिंतकों की मदद से आप इनका समाधान निकालने में सफल रहेंगे. महीने के मध्य में पिता का सहयोग मिलेगा और कारोबार में लाभ के अवसर बनेंगे. नौकरीपेशा लोगों को मनचाही पोस्टिंग या पद मिलने की संभावना है.
महीने के तीसरे सप्ताह में सेहत और रिश्तों पर ध्यान देना होगा. अपनी योजनाओं को समय से पहले दूसरों के सामने रखने से बचें. महीने के उत्तरार्ध में अचानक खर्च बढ़ने से आर्थिक स्थिति प्रभावित हो सकती है. प्रेम संबंधों के लिए शुरुआती समय अच्छा रहेगा और कुछ लोगों के रिश्ते विवाह में बदल सकते हैं. उपाय के रूप में प्रतिदिन स्फटिक के शिवलिंग की पूजा करें और शिव चालीसा का पाठ करें.
मिथुन राशि
मिथुन राशि के जातकों के लिए दिसंबर का महीना औसत फलदायी रहेगा. महीने की शुरुआत में करियर, कारोबार और निजी जीवन से जुड़ी कुछ परेशानियां आ सकती हैं. इस दौरान अपनी वाणी और व्यवहार में विनम्रता बनाए रखें. किसी व्यक्ति से अचानक मिलने वाला सहयोग आपकी मुश्किलें कम कर सकता है. कार्यक्षेत्र में विरोधी सक्रिय रहेंगे और आपके काम में बाधा डालने की कोशिश कर सकते हैं. पारिवारिक समस्याओं को सुलझाने में जीवनसाथी का सहयोग मिल सकता है.
आर्थिक मामलों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी. महीने के मध्य में किसी बड़े खर्च का सामना करना पड़ सकता है. निवेश से पहले अच्छी तरह विचार करें और अहंकार में आकर किसी अवसर को हाथ से न जाने दें. प्रेम संबंधों में विवाद चल रहा है तो बातचीत से उसे सुलझाने की कोशिश करें. उपाय के तौर पर प्रतिदिन तुलसी जी की पूजा करें और नारायण कवच का पाठ करें.
कर्क राशि
कर्क राशि के जातकों के लिए दिसंबर का महीना सामान्य परिणाम देने वाला रहेगा. इस दौरान आपको अपने काम सावधानी और समझदारी से करने होंगे. महीने का पूर्वार्ध थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है. कार्यक्षेत्र में अचानक बदलाव और सहकर्मियों के साथ विवाद की स्थिति बन सकती है. यदि आप नया कारोबार शुरू करने या मौजूदा व्यवसाय का विस्तार करने की योजना बना रहे हैं तो जल्दबाजी से बचें. अपने काम समय पर पूरे करने के लिए सहकर्मियों के साथ तालमेल बनाए रखना जरूरी होगा.
महीने के मध्य में परिवार के किसी वरिष्ठ सदस्य की सेहत चिंता बढ़ा सकती है. विद्यार्थियों को पढ़ाई में एकाग्रता बनाए रखने में परेशानी हो सकती है. आर्थिक मामलों में भी सतर्क रहना होगा और लेनदेन सोच-समझकर करना होगा. महीने के उत्तरार्ध में परिस्थितियों को संभालने में सफलता मिल सकती है. प्रेम संबंधों में संवाद बनाए रखें और एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें. उपाय के तौर पर प्रतिदिन तांबे के लोटे से शिवलिंग पर जल चढ़ाएं और शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें.
सिंह राशि
सिंह राशि वालों के लिए दिसंबर की शुरुआत शुभ और सौभाग्यशाली रह सकती है. इस दौरान भाग्य का साथ मिलने से अधूरे काम पूरे होंगे. कार्यक्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के कारण मान-सम्मान बढ़ सकता है. करियर और कारोबार से जुड़ी यात्राएं लाभदायक साबित होंगी. महीने के दूसरे सप्ताह में परिवार और कार्यक्षेत्र में लोगों का सहयोग मिलेगा. हालांकि, क्रोध और वाणी पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा, क्योंकि छोटी सी बात विवाद का कारण बन सकती है.
महीने के मध्य में आर्थिक स्थिति में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. परिवार पर खर्च बढ़ने के साथ पैतृक संपत्ति से जुड़े मामलों में भी परेशानी आ सकती है. महीने के उत्तरार्ध में कारोबारी विरोधियों की चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन सूझबूझ से आप परिस्थितियों को संभाल लेंगे. प्रेम जीवन में किसी तीसरे व्यक्ति की दखलंदाजी परेशानी बढ़ा सकती है. उपाय के रूप में प्रतिदिन सूर्यदेव को तांबे के लोटे से जल अर्पित करें और आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें.
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के लिए दिसंबर का महीना मिश्रित परिणाम लेकर आएगा. महीने की शुरुआत में भाग्य का साथ मिलने से रुके हुए काम आगे बढ़ेंगे. कामकाज के सिलसिले में यात्राएं करनी पड़ सकती हैं, जो लाभदायक रहेंगी. महीने के दूसरे सप्ताह में सुख-सुविधाओं में वृद्धि और भूमि-भवन या वाहन से जुड़ा सुख मिलने के योग हैं. परिवार और करीबी लोगों के साथ संबंध बेहतर होंगे. हालांकि, महीने के मध्य में नकारात्मक विचारों से बचना होगा और धैर्य के साथ समस्याओं का समाधान करना होगा.
इस दौरान काम का दबाव बढ़ सकता है और वरिष्ठ अधिकारी आपके प्रदर्शन पर नजर रखेंगे. कारोबार में भी उतार-चढ़ाव संभव है. महीने के उत्तरार्ध में माता या किसी महिला का सहयोग मिलने से परेशानियां कम हो सकती हैं. विद्यार्थियों को नए अनुभव प्राप्त होंगे. प्रेम संबंधों में गलतफहमियों से बचें और भावनाओं में बहकर कोई फैसला न लें. उपाय के तौर पर प्रतिदिन भगवान गणेश को दूर्वा अर्पित करके उनकी पूजा करें.
तुला राशि
तुला राशि वालों के लिए दिसंबर का महीना बेहद शुभ रहने वाला है. इस दौरान करियर और कारोबार में मनचाही सफलता मिलने के योग हैं. आप भविष्य की योजनाओं और कारोबार के विस्तार पर ध्यान देंगे. महीने की शुरुआत में कार्यक्षेत्र में कोई महत्वपूर्ण उपलब्धि मिल सकती है, जिससे आपका मान-सम्मान बढ़ेगा. विशेष काम के लिए पुरस्कार या सम्मान मिलने की संभावना भी है. महीने के दूसरे सप्ताह में परिवार और करीबी लोगों के साथ अच्छा समय बिताने का अवसर मिलेगा.
निवेश के लिहाज से भी यह महीना अनुकूल रह सकता है, हालांकि कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले अनुभवी लोगों की सलाह जरूर लें. कारोबार में लाभ होने से आर्थिक स्थिति मजबूत होगी. विद्यार्थियों को पढ़ाई और परीक्षा में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं. बेरोजगार लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे. प्रेम जीवन में खुशियां बनी रहेंगी और नए प्रेम संबंध बनने की संभावना है. उपाय के तौर पर प्रतिदिन स्फटिक के श्रीयंत्र की पूजा करें और श्री सूक्त का पाठ करें.
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए दिसंबर की शुरुआत अच्छी रहने वाली है. करियर और कारोबार में सफलता के साथ आर्थिक लाभ मिलने के योग हैं. नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को मनचाहा रोजगार मिल सकता है. हालांकि, महीने के दूसरे सप्ताह में भागदौड़ बढ़ने से सेहत प्रभावित हो सकती है. कारोबार में नए अनुबंध मिलने की संभावना है और इस दौरान लिए गए फैसले भविष्य में लाभ दे सकते हैं. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को भी अच्छी खबर मिल सकती है.
महीने के उत्तरार्ध में जीवनसाथी का सहयोग मिलने से कोई रुका हुआ काम पूरा हो सकता है. हालांकि, परिवार में किसी सदस्य के साथ मनमुटाव की स्थिति बन सकती है. निवेश और कारोबार के विस्तार के लिए यह समय बहुत अनुकूल नहीं रहेगा. किसी प्रभावशाली व्यक्ति की मदद से महीने के अंतिम सप्ताह में परेशानियां दूर हो सकती हैं. प्रेम संबंधों में पारिवारिक कारणों से तनाव संभव है. उपाय के तौर पर प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा करें और बजरंग बाण का पाठ करें.
धनु राशि
धनु राशि वालों के लिए दिसंबर का महीना बड़े बदलाव लेकर आ सकता है. इस दौरान आपके फैसले भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. महीने के पूर्वार्ध में जमीन, मकान या वाहन खरीदने की इच्छा पूरी हो सकती है. परिवार और कार्यक्षेत्र में लोगों का सहयोग मिलेगा. आर्थिक स्थिति मजबूत रहने के साथ धन प्राप्ति के नए अवसर बनेंगे. नौकरीपेशा लोगों के काम से अधिकारी खुश रहेंगे और सहकर्मियों का भी पूरा सहयोग मिलेगा.
महीने के मध्य में परिवार के साथ यात्रा के योग हैं. कारोबार से जुड़े लोगों को आय के नए स्रोत मिल सकते हैं और बाजार में फंसा हुआ पैसा वापस मिलने की संभावना है. हालांकि, घर की मरम्मत और सुख-सुविधाओं पर खर्च बढ़ सकता है. महीने के उत्तरार्ध में अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें. प्रेम संबंध मजबूत होंगे और जीवनसाथी या लव पार्टनर के साथ अच्छा समय बिताने का मौका मिलेगा. कुछ लोगों के प्रेम संबंध विवाह में बदल सकते हैं. उपाय के तौर पर प्रतिदिन केसर का तिलक लगाएं और श्री विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें.
मकर राशि
मकर राशि के जातकों के लिए दिसंबर का महीना मिश्रित फलदायी रहेगा. महीने की शुरुआत में भाग्य का साथ मिलने से कारोबार में लाभ हो सकता है. बेरोजगार लोगों को नौकरी के नए अवसर मिलेंगे और अचानक धन लाभ के योग भी बन सकते हैं. विद्यार्थियों के लिए समय अच्छा रहेगा, हालांकि कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है. महीने के मध्य में पुरानी पारिवारिक समस्या का समाधान निकल सकता है. इस दौरान गुस्से और चिड़चिड़ेपन पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा.
महीने के उत्तरार्ध में नौकरीपेशा लोगों के पदोन्नति या स्थानांतरण के योग बन सकते हैं. कार्यक्षेत्र में सावधानी से काम करें और सहकर्मियों पर जरूरत से ज्यादा भरोसा करने से बचें. महीने का अंतिम सप्ताह कारोबारियों के लिए लाभदायक रह सकता है. प्रेम जीवन के लिहाज से समय अच्छा रहेगा. लव पार्टनर या जीवनसाथी के साथ सुखद पल बिताने के अवसर मिलेंगे. उपाय के तौर पर प्रतिदिन भगवान शिव की पूजा करें और रुद्राष्टक का पाठ करें.
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए दिसंबर का महीना औसत फलदायी रहने वाला है. इस दौरान हर काम में सावधानी और समझदारी बरतनी होगी. महीने की शुरुआत में परिवार के लोगों के साथ किसी बात पर विवाद हो सकता है. यात्रा और वाहन चलाते समय सतर्क रहें. किसी अनजान व्यक्ति पर जरूरत से ज्यादा भरोसा करना नुकसानदायक हो सकता है. नौकरीपेशा लोगों को अधिकारियों के साथ तनाव का सामना करना पड़ सकता है. महीने के पूर्वार्ध में भावनाओं में बहकर कोई बड़ा फैसला लेने से बचें.
महीने के मध्य में मेहनत के बाद ही सफलता मिलेगी. माता-पिता का सहयोग आपकी परेशानियां कम कर सकता है. आर्थिक मामलों में धीरे-धीरे सुधार होगा और अटका हुआ धन वापस मिलने की संभावना है. महीने के उत्तरार्ध में परिवार और प्रेम संबंधों में बातचीत के दौरान सावधानी रखें. जीवनसाथी के लिए भी समय निकालना जरूरी होगा. उपाय के तौर पर प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा करें और बजरंग बाण का पाठ करें.
मीन राशि
मीन राशि के जातकों के लिए दिसंबर का महीना उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है. महीने की शुरुआत में कारोबार में सफलता मिलने के बावजूद पारिवारिक मामलों में कुछ परेशानियां आ सकती हैं. रिश्तों को बेहतर बनाए रखने के लिए समझदारी से काम लेना होगा. महीने के पूर्वार्ध में अचानक बड़े खर्च सामने आ सकते हैं, जिससे आर्थिक दबाव बढ़ने की आशंका है. इसका असर पारिवारिक जीवन पर भी पड़ सकता है. महीने के मध्य में अपनी और परिवार के सदस्यों की सेहत का विशेष ध्यान रखें.
नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में तनाव का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन अपनी सूझबूझ से आप समस्याओं को संभालने में सफल रहेंगे. महीने के उत्तरार्ध में नया कारोबार शुरू करने की योजना बना सकते हैं. विद्यार्थियों को मेहनत का पूरा फल मिलने की संभावना है. प्रेम जीवन में कभी साथी का पूरा सहयोग मिलेगा तो कभी रिश्तों में दूरी महसूस हो सकती है. कामकाजी महिलाओं को घर और नौकरी के बीच संतुलन बनाने में परेशानी हो सकती है. उपाय के तौर पर भगवान विष्णु को पीले फूल और हल्दी अर्पित करें. गुरुवार को मंदिर में चने की दाल और गुड़ का दान करें.
ये भी पढ़ें- Kal Ka Rashifal: रविवार को ब्रह्म योग में 5 राशियों की चमकेगी किस्मत, मेष से मीन तक पढ़ें भविष्यफल