महंगे होंगे Recharge Plans? 15% तक बढ़ सकती हैं Jio-Airtel-Vi के प्लान की कीमतें, जानें क्या है वजह

Mobile Recharge Plans Hike: मोबाइल यूजर्स को आने वाले महीनों में महंगे रिचार्ज का झटका लग सकता है. एक रिपोर्ट के मुताबिक Jio, Airtel और Vi के प्लान की कीमतों में 12-15% तक बढ़ोतरी संभव है.

mobile-recharge-plans-may-rise-12-15-percent-soon
Image Source: Internet

Mobile Recharge Plans: मोबाइल फोन इस्तेमाल करने वालों के लिए आने वाले महीनों में जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है. टेलीकॉम कंपनियां अगले चार से पांच महीनों में मोबाइल रिचार्ज प्लान की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर सकती हैं. रिसर्च फर्म सेंट्रम इंस्टीट्यूशनल रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, टेलीकॉम सेक्टर में प्रतिस्पर्धी कंपनियों की संख्या कम होने से कंपनियों के लिए टैरिफ बढ़ाने का माहौल पहले की तुलना में ज्यादा अनुकूल हुआ है. रिपोर्ट में मोबाइल टैरिफ में करीब 12 से 15 प्रतिशत तक की संभावित वृद्धि का अनुमान जताया गया है.

टेलीकॉम कंपनियों की कमाई में भी हो सकता है इजाफा

रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही यानी जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों के औसत राजस्व प्रति ग्राहक यानी ARPU में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. भारती एयरटेल, रिलायंस जियो और वोडाफोन आइडिया के ARPU में करीब 0.8 से 2 प्रतिशत तक की वृद्धि का अनुमान है. इसके पीछे 2G यूजर्स का 4G और 5G की ओर बढ़ना, पोस्टपेड कनेक्शन में इजाफा और तिमाही में दिनों की संख्या अधिक होना जैसे कारण बताए गए हैं.

कंपनियों को मिल रहे हैं नए ग्राहक

सेंट्रम इंस्टीट्यूशनल रिसर्च की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों की बाजार हिस्सेदारी बढ़ने का सिलसिला जारी रह सकता है. अनुमान के मुताबिक, इस दौरान रिलायंस जियो करीब 80 लाख नए ग्राहक जोड़ सकती है. वहीं भारती एयरटेल के साथ करीब 30 लाख और वोडाफोन आइडिया के साथ करीब 10 लाख नए ग्राहक जुड़ने का अनुमान है.

5G नेटवर्क का तेजी से बढ़ रहा दायरा

देश में 5G सेवाओं का विस्तार भी लगातार जारी है. रिपोर्ट के मुताबिक रिलायंस जियो और भारती एयरटेल 95 प्रतिशत से ज्यादा जिलों में अपनी 5G सेवाएं पहुंचा चुकी हैं. दूसरी ओर वोडाफोन आइडिया भी अपने 5G नेटवर्क का विस्तार कर रही है. कंपनी की 5G सेवा करीब 200 शहरों में उपलब्ध है और आने वाले समय में कवरेज बढ़ाने पर उसका फोकस बना हुआ है.

यूजर्स के लिए क्या बदल सकता है?

अगर टेलीकॉम कंपनियां अगले चार से पांच महीनों में 12 से 15 प्रतिशत तक टैरिफ बढ़ाती हैं, तो मोबाइल यूजर्स को मौजूदा प्लान के मुकाबले ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है. हालांकि, यह फिलहाल रिसर्च रिपोर्ट में जताया गया अनुमान है और अंतिम कीमतें कंपनियों के आधिकारिक फैसले पर निर्भर करेंगी. ऐसे में यूजर्स के लिए आने वाले महीनों में रिचार्ज प्लान की कीमतों और कंपनियों की ओर से जारी होने वाले नए टैरिफ पर नजर रखना अहम होगा.

ये भी पढ़ें- WhatsApp का नया Scam Alert फीचर, ठगों की चाल पहचानकर फोन पर देगा खतरे की घंटी, ऐसे ऑन करें ये सेटिंग