नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला मैदान में आयोजित विश्व प्रसिद्ध लव कुश रामलीला का दशहरा उत्सव इस बार बेहद भव्य और यादगार रहा. विजयादशमी के पावन अवसर पर भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने बुराई के प्रतीक रावण पर तीर चलाकर उसका दहन किया. वहीं, नेशनल अवॉर्ड विजेता बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम धर और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता-निर्देशक आनंद एल राय ने भी तीर चलाकर आसुरी शक्तियों और बुराई के प्रतीक पुतलों का दहन किया. इस भव्य आयोजन के माध्यम से असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया.
दशहरा उत्सव की थीम रही 'महिला सम्मान'
लाल किला मैदान में आयोजित इस ऐतिहासिक दशहरा उत्सव में हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं और दर्शकों ने जय श्रीराम के जयघोष के साथ अतिथियों का स्वागत किया. रावण दहन के दौरान पूरा मैदान तालियों और जयकारों से गूंज उठा. इस वर्ष लव कुश रामलीला की विशेष थीम 'महिला सम्मान' रखी गई थी. इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अभिनेत्री यामी गौतम को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था. यामी गौतम ने इस आयोजन में देश की महिलाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए बुराई के प्रतीक पुतले पर विजय का तीर चलाया और नारी शक्ति, साहस एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया.
दिलचस्प बात यह रही कि यामी गौतम की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'नई नवेली' के एक दृश्य में भी उन्हें रावण का वध करते हुए दिखाया गया है. फिल्मी पर्दे के बाद दिल्ली की ऐतिहासिक लव कुश रामलीला में उनका इस गौरवशाली परंपरा का हिस्सा बनना दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहा.
लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने कहा, "हमारे लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि देश के माननीय उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने लाल किला मैदान में रावण दहन कर विजयादशमी के उत्सव की गरिमा बढ़ाई. इस वर्ष हमारी रामलीला की थीम महिला सम्मान रही है. अभिनेत्री यामी गौतम ने देश की महिलाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए यह संदेश दिया कि नारी केवल ममता और त्याग की प्रतिमूर्ति ही नहीं, बल्कि अन्याय और बुराई के विरुद्ध खड़ी होने वाली शक्ति भी है."
पहले भी कई सितारे कर चुके हैं रावण दहन
अर्जुन कुमार ने आगे कहा कि रावण केवल एक पौराणिक पात्र नहीं, बल्कि अहंकार, अन्याय और समाज में व्याप्त बुराइयों का प्रतीक भी है. विजयादशमी हमें सिखाती है कि सत्य और धर्म की हमेशा विजय होती है. उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, अभिनेत्री यामी गौतम और फिल्म निर्माता आनंद एल राय की सहभागिता ने इस वर्ष के दशहरा उत्सव को और भी विशेष बना दिया.
उल्लेखनीय है कि विश्व प्रसिद्ध लव कुश रामलीला के मंच पर इससे पहले भी अक्षय कुमार, अजय देवगन, जॉन अब्राहम, प्रभास, करीना कपूर और फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी सहित फिल्म जगत की अनेक नामचीन हस्तियां रावण दहन की गौरवशाली परंपरा से जुड़ चुकी हैं.
लाल किला मैदान में आयोजित इस भव्य दशहरा उत्सव ने एक बार फिर भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और महिला सम्मान का अनूठा संगम प्रस्तुत किया. रावण और आसुरी शक्तियों के प्रतीक पुतलों के दहन के साथ पूरा वातावरण जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा और विजयादशमी का पर्व सत्य, साहस एवं नारी शक्ति के संदेश के साथ संपन्न हुआ.
ये भी पढ़ें: आज भारत का कोना-कोना राममय... दशहरा कार्यक्रम में शामिल हुए PM मोदी, तीर चलाकर किया रावण दहन; VIDEO