Kushinagar Road Accident: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां दिल्ली से बिहार जा रही एक प्राइवेट बस की सामने से आ रहे ट्रेलर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में तीन साल की बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा यात्री घायल हो गए.
यह दुर्घटना पटहेरवा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर लबनिया चौराहे और डुम्मरभार गांव के पास हुई. जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली के आनंद विहार से करीब 100 यात्रियों को लेकर बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही थी. इसी दौरान ओवरटेक करने की कोशिश में बस सामने से आ रहे ट्रेलर ट्रक से टकरा गई.
टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू किया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही पटहेरवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई. स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया. इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से तमकुही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कुशीनगर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया.
हादसे में घायल करीब 10 यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. वहीं, कुशीनगर मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी और ट्रॉमा विभाग के प्रभारी पुष्कर पाठक ने बताया कि अस्पताल में चार गंभीर घायलों को लाया गया था. इनमें एक व्यक्ति की मौत पहले ही हो चुकी थी. बाद में दो अन्य लोगों की मौत की भी पुष्टि हुई.
गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. वहीं, सात वर्षीय आकृति कुशवाहा का इलाज कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.
हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे की एक लेन पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा. सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई.
बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटवाया. इसके बाद हाईवे पर यातायात दोबारा सामान्य हो सका.
बिहार के मोतिहारी के रहने वाले थे दो मृतक
एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों में से दो बिहार के मोतिहारी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं. तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.