झारखंड में आधी रात को बड़ा हादसा, स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे; 13 की मौत

Jharkhand Accident: झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना हाईवे पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. एनएच-33 पर पैंकी इलाके के पास स्कॉर्पियो की एक अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई. इस दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है.

jharkhand-ramgarh-ranchi-patna-highway-scorpio-accident
Image Source: Social Media

Jharkhand Accident: झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना हाईवे पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. एनएच-33 पर पैंकी इलाके के पास स्कॉर्पियो की एक अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई. इस दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया.

रजरप्पा मंदिर दर्शन के लिए आ रहे थे सभी लोग

जानकारी के मुताबिक, बिहार के नालंदा जिले के जांघारों गांव के 14 लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर रामगढ़ के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने आ रहे थे. इसी दौरान रात करीब दो बजे एनएच-33 पर पैंकी के पास उनकी गाड़ी की एक अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

हादसे में 4 बच्चों और 4 महिलाओं की मौत

इस भीषण हादसे में कुल 13 लोगों की जान चली गई. मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं. स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे. हादसे में बचा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका रामगढ़ सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है. उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है.

पुलिस ने 13 मौतों की पुष्टि की

घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है. रामगढ़ के एसडीपीओ आलोक रंजन के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे. घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के जरिए कुछ मृतकों की पहचान की गई है. वहीं, घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज जारी है.

हादसे की भयावहता का अंदाजा स्कॉर्पियो की क्षतिग्रस्त हालत देखकर लगाया जा सकता है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.