UPPSC New Chairman: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी एक बड़ी प्रशासनिक नियुक्ति हुई है. 1995 बैच के IPS अधिकारी आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. फिलहाल वह PAC के महानिदेशक और उत्तर प्रदेश स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (SSF) के DG की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. खास बात यह है कि जनवरी 2027 में उनका रिटायरमेंट होना है, लेकिन इससे पहले उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. वह 23 जनवरी 2029 तक इस पद पर बने रहेंगे.
रिटायरमेंट से पहले मिली बड़ी जिम्मेदारी
UPPSC के पूर्व अध्यक्ष संजय श्रीनेत 21 नवंबर 2026 को अपने पद से रिटायर हो गए थे. उनके कार्यकाल की समाप्ति के बाद आयोग के वरिष्ठ सदस्य डॉ. अशोक कुमार वर्मा को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया था. नए अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए कार्मिक विभाग ने अक्टूबर में आवेदन मांगे थे. इस पद के लिए 60 से अधिक आवेदन मिलने की बात सामने आई थी. इनमें आलोक सिंह के अलावा हाल ही में रिटायर हुए IAS अधिकारी दीपक कुमार और अपर मुख्य सचिव वीना कुमारी मीना के नाम भी चर्चा में थे. आखिरकार आलोक सिंह के नाम पर मुहर लगी.
यूपी के चारों भर्ती आयोगों की कमान पुलिस अधिकारियों के पास
आलोक सिंह की नियुक्ति के बाद उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों के लिए चयन करने वाली चारों प्रमुख संस्थाओं की कमान पुलिस सेवा के अधिकारियों के हाथ में आ गई है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के अध्यक्ष पूर्व DGP सत्यनारायण साबत हैं. वहीं, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की जिम्मेदारी पूर्व DGP प्रशांत कुमार संभाल रहे हैं. इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष IPS अधिकारी एसबी शिरडकर हैं. अब UPPSC की जिम्मेदारी भी एक वरिष्ठ IPS अधिकारी को मिलने से प्रदेश की सभी प्रमुख भर्ती संस्थाओं का नेतृत्व पुलिस अधिकारियों के पास होगा.
कौन हैं IPS अधिकारी आलोक सिंह?
आलोक सिंह 1995 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के IPS अधिकारी हैं और मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वाले हैं. पुलिस सेवा में अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है. जनवरी 2020 में उन्हें गौतमबुद्ध नगर यानी नोएडा का पहला पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया था. इसके अलावा वह कानपुर जोन में ADG, मेरठ रेंज में IG और कानपुर में SSP तथा IG जैसे अहम पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
मई 2026 में बने थे DG अब UPPSC की संभालेंगे कमान
आलोक सिंह को मई 2026 में DG रैंक पर प्रमोट किया गया था. इसके बाद उन्हें PAC के महानिदेशक और उत्तर प्रदेश स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स के DG की जिम्मेदारी मिली. अब उन्हें प्रदेश के सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक भर्ती संस्थानों में से एक UPPSC का अध्यक्ष बनाया गया है. जनवरी 2027 में पुलिस सेवा से रिटायर होने वाले आलोक सिंह का नया कार्यकाल 23 जनवरी 2029 तक रहेगा. उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब उत्तर प्रदेश में विभिन्न सरकारी विभागों की भर्तियों और चयन प्रक्रियाओं को लेकर आयोग की भूमिका काफी अहम है.
ये भी पढ़ें- सहारनपुर की दोनों सीटों पर सपा ने किया बड़ा खेल, इमरान मसूद के गढ़ से आशु मलिक को उतारा, देखें किनको मिला टिकट