UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी ने चुनाव के लिए अपने पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. इस सूची में चार मौजूदा विधायकों पर पार्टी ने दोबारा भरोसा जताया है, जबकि ललितपुर से ज्योति लोधी को नया चेहरा बनाकर मैदान में उतारा है. उम्मीदवारों के ऐलान के साथ ही सबसे ज्यादा चर्चा सहारनपुर की हो रही है, जहां सपा ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की पसंद के विपरीत अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं.
इस बार एक ऐतिहासिक अवसर है जब हम दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के साथियों को हमेशा के लिए हराकर, देश को गलत हाथों में जाकर बर्बाद होने से बचा सकते हैं। हम चाहते हैं कि आप और हम जन-अपेक्षाओं व वास्तविकताओं को समझकर गंभीर विचार-विमर्श करें जिससे अधिकांश सीटों पर अपने ‘गठबंधन’ की जीत सुनिश्चित हो। जितनी सीटें आप-हम लड़ें उनमें हमारी जीत की सीटें, न जीत पाने वाली सीटों से अधिक हों। जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी। अतः आपकी टीम की तरफ़ से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से जिन 26 सीटों पर आज बात हो गई है, उनके अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटें चिह्नित करके हमें भेज दें। फिर मिल बैठकर देखेंगे कि कौन सी सीट और उस पर कौन सा कैंडिडेट जीतने की पोजिशन में है। हो सकता है कि हम अपने आँकलन और जीत के गणितीय समीकरण के आधार पर कांग्रेस को ऐसी कई जीतनेवाली सीटों के बारे में भी बताएं जिन पर उन्होंने किसी कारणवश विचार ही नहीं किया है। हमारी कोशिश तो ये है कि जब बड़े नेता बैठें तो सभी सीटों पर ‘इंडिया गठबंधन’ के प्रत्याशी के रूप में बात हो, न कि कांग्रेस या सपा के प्रत्याशी के रूप में और सबसे अच्छी और सकारात्मक परिणाम देनेवाली बात तो ये होगी कि हम लोग अपने प्रत्याशी को ‘पीडीए प्रत्याशी’ के रूप में प्रस्तुत करें। जिस प्रकार लोकसभा में आपके संगठन ने ‘पीडीए’ के साथ पूरी तरह सहयोग किया वो सदैव सराहनीय रहेगा क्योंकि उसने ही मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा को धूल चटाई थी अब इस बार भी हम लोग मिलकर उप्र में और फिर केंद्र में भी भाजपा को हराएंगे। ज़मीनी सर्वेक्षणों से ये बात साफ़ हो गई है कि हर शहर, मोहल्ले, गली व गाँव तक ये बात पहुँच गई है कि जो पीड़ित है, वो पीडीए है। इसीलिए पूरे प्रदेश के हर समाज, हर वर्ग के ‘पीड़ित, दुखी, अपमानित’ भाजपा के ख़िलाफ़ लामबंद हो गये हैं क्योंकि उन सबको ये विश्वास है कि ‘PDA ही NDA को हराएगा’ और पीडीए ही परिवर्तन लायेगा। सच तो ये है कि हम नहीं चाहते हैं कि सीट का बँटवारा हमारे-तुम्हारे के भाव से हो, हम तो इसे बंटवारा नहीं, ‘सीट समायोजन’ कहना चाहते हैं। कठिन समीकरणवाली सीटों पर हम मिलकर कम-से-कम दो प्रत्याशियों पर विचार-विमर्श करके जिसकी अधिक संभावना दिखेगी उसे चुनकर मिलजुल के जिताएंगे। हम नहीं चाहते हैं कि गठबंधन में एक-दूसरे पर उम्मीदवार थोपे जाएं बल्कि सहमति से तय किये जाएं, तब ही आपके-हमारे वोट आपस में ट्रांसफ़र होकर हम लोगों की जीत को सुनिश्चित करेंगे और कल को हम मिलकर कह सकेंगे कि हम लोगों ने तो पहले ही कहा था : बात सीट की नहीं, जीत की है। आपका-हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य सरकार बनाना है। नये हालातों और समीकरण में उसके लिए हमें-आपको कुछ लोगों को एडजस्ट और एकमोडेट करना पड़ेगा। एक-दो लोग ऐसे भी होंगे जिनसे आपने और हमने चुनाव लड़ाने का वादा किया होगा लेकिन वास्तविक परिस्थितियों को देखते हुए दो-चार सीटों पर बदलाव भी करने पड़ेंगे। भावी प्रत्याशियों को भी ये समझना होगा कि हर सीट महत्वपूर्ण है, अगर किसी को सीट नहीं मिल पा रही है या मनचाही सीट नहीं मिल रही है तो निराश न हों, अगर उनके दल के बड़े नेता ने कुछ फेरबदल या बदलाव किया है तो उसके पीछे सोच सरकार बनाने की है और सरकार बन गई तो सबको सम्मान-स्थान मिल जाएगा। हर बड़ा नेता अपनी बात का मान ख़ुद रखेगा, इतना विश्वास तो अपने नेताओं पर लोगों को रखना ही पड़ेगा। इस तरह जो चुनाव लड़ा जाएगा उसमें आपका-हमारा संगठन मिलकर कहेगा कि हम दोनों के मिलने से हमारी तैयारी 806 सीटों के बराबर की है। देश की जनता ख़ासतौर से किसान, मजदूर, युवा, मध्यम वर्ग, महिलाएँ, छोटे से लेकर बड़ा व्यापारी, सच्चे अधिकारी, कर्मचारी और संपूर्ण प्रगतिशील-पंथनिरपेक्ष व उत्पीड़ित ‘पीडीए समाज’ आपकी और हमारी तरफ़ बड़ी उम्मीद से देख रहा है। आपसी समायोजन से कोई भूल किये बिना हम देश का नया इतिहास लिखने के कगार पर हैं। हम सौहार्द और सूझबूझ से ये कर भी दिखाएंगे, इसी आशा के साथ आप-हम ‘सीट की जगह जीत के समीकरण’ पर विचार करें, जिससे हम जीतें और उप्र में अपनी सरकार आए और फिर दिल्ली में भी और देश का भविष्य सँवारने में हम लोगों का योगदान हमेशा के लिए सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो जाए।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 24, 2026
सहारनपुर की दो सीटों पर सपा का बड़ा दांव
समाजवादी पार्टी ने बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान और सहारनपुर विधानसभा सीट से आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया है. खास बात यह है कि सहारनपुर को इमरान मसूद का मजबूत राजनीतिक क्षेत्र माना जाता है. कांग्रेस इन सीटों पर अपनी दावेदारी पेश कर रही थी और इमरान मसूद भी सीट बंटवारे की बातचीत में सक्रिय थे. ऐसे में सपा की ओर से दोनों सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा को कांग्रेस के लिए बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है.

इमरान मसूद की रणनीति को चुनौती
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद सहारनपुर की राजनीति में मजबूत पकड़ रखते हैं. वह बेहट और सहारनपुर देहात विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के लिए दावा कर रहे थे. इससे पहले भी वह साफ कर चुके हैं कि गठबंधन होने की स्थिति में भी सहारनपुर की पांच विधानसभा सीटों पर समझौता नहीं किया जाएगा और उनके समर्थक ही चुनाव लड़ेंगे. सहारनपुर देहात सीट से वह सपा के एमएलसी शाहनवाज खान को चुनाव लड़ाने की बात भी कह चुके हैं. ऐसे में सपा के फैसले के बाद दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर तनाव बढ़ सकता है.
कैराना, अमरोहा और ललितपुर में भी उम्मीदवार घोषित
सपा की पहली सूची में शामली की कैराना सीट से नाहिद हसन, अमरोहा विधानसभा क्षेत्र से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को टिकट दिया गया है. चार मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका देकर पार्टी ने अपने पुराने चेहरों पर भरोसा कायम रखा है. वहीं, बुंदेलखंड के ललितपुर से ज्योति लोधी को टिकट देना सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.
अखिलेश यादव ने कांग्रेस को दिया गठबंधन का संदेश
उम्मीदवारों की सूची जारी होने से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर अपनी बात रखी थी. उन्होंने कहा कि दोनों धर्मनिरपेक्ष दलों के पास सांप्रदायिक भाजपा और उसके सहयोगियों को हराने का ऐतिहासिक अवसर है. अखिलेश ने गठबंधन को लेकर गंभीर बातचीत की जरूरत बताते हुए कहा कि जनता की उम्मीदों और जमीनी हकीकत को ध्यान में रखकर सीटों पर फैसला होना चाहिए.
जीत को बताया सीट बंटवारे का आधार
अखिलेश यादव ने अपने संदेश में यह भी कहा कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा इस तरह होना चाहिए कि दोनों दलों के जीतने की संभावना मजबूत हो. उनके मुताबिक, चुनाव में जितनी सीटों पर गठबंधन लड़े, उनमें हार के मुकाबले जीतने वाली सीटों की संख्या अधिक होनी चाहिए. उन्होंने जीत को ही सम्मानजनक सीट बंटवारे का आधार बताया. अब सपा की पहली सूची में सहारनपुर की दोनों सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद यह देखना अहम होगा कि कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन की बातचीत किस दिशा में आगे बढ़ती है.
ये भी पढ़ें- 'मां, भिक्षा दीजिए..' बेटे की आवाज सुनकर हैरान रह गई थीं सावित्री देवी, CM योगी ने पत्र में सुनाया भावुक किस्सा