दुश्मन का ड्रोन 7 सेकंड में होगा तबाह, भारत ने किया JWALA MK-1 का सफल टेस्ट, जानें ताकत और रेंज

भारत को एंटी-ड्रोन तकनीक के क्षेत्र में बड़ी कामयाबी मिली है. स्वदेशी रक्षा कंपनी IG Defence ने राजस्थान के पोखरण में JWALA MK-1 ऑटोनॉमस काउंटर ड्रोन माइक्रो-मिसाइल सिस्टम का सफल परीक्षण किया है.

India successfully tests India JWALA MK-1 Indigenous Anti Drone System pokhran
Image Source: Social Media

JWALA MK-1: भारत को एंटी-ड्रोन तकनीक के क्षेत्र में बड़ी कामयाबी मिली है. स्वदेशी रक्षा कंपनी IG Defence ने राजस्थान के पोखरण में JWALA MK-1 ऑटोनॉमस काउंटर ड्रोन माइक्रो-मिसाइल सिस्टम का सफल परीक्षण किया है. कंपनी के मुताबिक, यह भारत का पहला ऐसा स्वदेशी सिस्टम है, जो 5 किलोमीटर तक की दूरी पर दुश्मन के ड्रोन को पहचानकर उसे हवा में ही मार गिरा सकता है.

JWALA MK-1 को आधुनिक युद्ध में ड्रोन से होने वाले खतरों को देखते हुए तैयार किया गया है. खासकर दुश्मन की ओर से एक साथ बड़ी संख्या में ड्रोन भेजकर हमला करने की स्थिति में यह सिस्टम काफी उपयोगी साबित हो सकता है. इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जो दुश्मन के ड्रोन की पहचान करने से लेकर उसे निशाना बनाने तक में मदद करती है.

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मिलेगी मजबूती

आजकल युद्ध में छोटे और कम कीमत वाले ड्रोन का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है. ऐसे ड्रोन को रोकने के लिए महंगी एयर डिफेंस मिसाइलों का इस्तेमाल करना कई बार काफी खर्चीला साबित होता है. JWALA MK-1 को इसी चुनौती से निपटने के लिए तैयार किया गया है.

यह सिस्टम दुश्मन के ड्रोन को सीधे निशाना बनाकर नष्ट कर सकता है. इससे भारत की एंटी-ड्रोन क्षमता मजबूत होगी और विदेशी रक्षा तकनीक पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी.

5 किलोमीटर की दूरी तक ड्रोन को मार गिराने की क्षमता

JWALA MK-1 की सबसे बड़ी खासियत इसकी मारक क्षमता है. यह 2 से 5 किलोमीटर की दूरी तक उड़ रहे दुश्मन के ड्रोन को निशाना बना सकता है. इसके अलावा यह 50 मीटर से लेकर 5,000 मीटर तक की ऊंचाई पर उड़ने वाले ड्रोन को भी ट्रैक कर सकता है.

इस सिस्टम में AI आधारित GRID तकनीक लगाई गई है. यह अलग-अलग सेंसर से मिलने वाली जानकारी का विश्लेषण करती है. इसके बाद सिस्टम खुद ही ड्रोन की पहचान करता है, उसकी श्रेणी तय करता है और उसे नष्ट करने के लिए जरूरी फैसला लेता है.

कंपनी के अनुसार, टारगेट की पहचान होने से लेकर मिसाइल लॉन्च होने तक की पूरी प्रक्रिया में 7 सेकंड से भी कम समय लगता है. इससे दुश्मन के ड्रोन को तेजी से निशाना बनाया जा सकता है.

कई आधुनिक तकनीकों से लैस है JWALA MK-1

JWALA MK-1 में बेहतर नियंत्रण और सटीक निशाना लगाने के लिए डुअल-पल्स सॉलिड रॉकेट मोटर और फिन कंट्रोल सिस्टम दिया गया है. इसमें प्रोक्सिमिटी फ्यूज के साथ हाई-एक्सप्लोसिव (HE) वॉरहेड भी लगाया गया है, जो लक्ष्य के पास पहुंचने पर उसे नष्ट करने में मदद करता है.

इसके अलावा इसमें ट्रक पर लगाया जाने वाला मल्टी-कैनिस्टर लॉन्चर इस्तेमाल किया गया है. इससे एक ही सिस्टम के जरिए कई मिसाइलों को तैनात किया जा सकता है.

AI तकनीक से खुद पहचान करेगा दुश्मन का ड्रोन

इस सिस्टम का GRID यानी मिशन ऑटोनॉमी और बैटल मैनेजमेंट सिस्टम इसकी सबसे अहम तकनीक है. यह अलग-अलग सेंसर से मिलने वाले डेटा को एक साथ जोड़कर उसका विश्लेषण करता है.

इसके बाद यह तय करता है कि आसमान में दिखाई देने वाली वस्तु दुश्मन का ड्रोन है या नहीं. टारगेट की पहचान और उसकी श्रेणी तय करने के बाद यह हमला करने की प्रक्रिया को भी संभालता है.

इस तरह JWALA MK-1 में ड्रोन की पहचान, उसे ट्रैक करने और हवा में नष्ट करने की पूरी व्यवस्था एक ही सिस्टम में दी गई है. पोखरण में इसका सफल परीक्षण भारत की स्वदेशी रक्षा तकनीक के लिए अहम उपलब्धि माना जा रहा है.