SAFF Championship 2026 Final: भारतीय फुटबॉल टीम ने एक बार फिर दक्षिण एशिया में अपना दबदबा साबित कर दिया है. ढाका में खेले गए SAFF Championship 2026 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराकर 10वीं बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. खास बात यह रही कि युवा खिलाड़ियों से सजी दूसरी पंक्ति की भारतीय टीम ने एक गोल से पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी की और लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.
पहले हाफ में पाकिस्तान ने बनाई बढ़त
फाइनल मुकाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच शुरुआत से ही कड़ा संघर्ष देखने को मिला. दोनों टीमों ने गोल करने के मौके तलाशे, लेकिन पहले हाफ के आखिरी मिनट में पाकिस्तान को सफलता मिल गई. मिडफील्डर आलमगीर गाजी ने शानदार कर्लिंग शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया और पाकिस्तान को 1-0 की बढ़त दिला दी.
रेड कार्ड ने बदला मैच का रुख
दूसरे हाफ में मुकाबले की तस्वीर उस समय बदल गई, जब पाकिस्तानी डिफेंडर जुनैद शाह को रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर कर दिया गया. इसके बाद पाकिस्तान की टीम 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने को मजबूर हो गई. भारत ने इस स्थिति का फायदा उठाया और फ्री-किक पर सुहैल अहमद भट ने गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया. इस गोल के साथ भारतीय टीम ने मुकाबले में वापसी कर ली.
आखिरी पलों में संदीप मंडी ने दिलाई जीत
मैच के अंतिम मिनटों में भारतीय टीम ने जीत के लिए अपना पूरा जोर लगा दिया. इसी दौरान डिफेंडर संदीप मंडी ने शानदार हेडर के जरिए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर भारत को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी. इसके बाद इंजरी टाइम में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी बढ़त कायम रखी और आखिरकार टीम ने खिताब अपने नाम कर लिया.
भारत ने पूरी की खिताबी हैट्रिक
इस जीत के साथ भारत ने SAFF Championship में अपनी बादशाहत और मजबूत कर ली है. टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम भारत ने लगातार तीसरी बार खिताब जीतकर चैंपियनशिप में खिताबी हैट्रिक पूरी की. वहीं, पहली बार फाइनल में पहुंची पाकिस्तान की टीम का खिताब जीतने का सपना अधूरा रह गया. पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में मेजबान बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी.
ग्रुप स्टेज में भी भारत ने दी थी मात
फाइनल से पहले ग्रुप स्टेज में भी भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ था. उस मैच में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 3-2 से हराया था. खिताबी मुकाबले में भी जीत दर्ज कर भारत ने टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ अपना दबदबा कायम रखा और 10वीं बार SAFF Championship की ट्रॉफी जीत ली.
ये भी पढ़ें-IPL 2027: धोनी के संन्यास के बाद CSK में बड़ा फेरबदल, 11 खिलाड़ियों को किया रिलीज, इन पर जताया भरोसा