हरमनप्रीत की हैट्रिक से बांग्लादेश पस्त, भारत की लगातार 5वीं जीत, अब पाकिस्तान से सेमीफाइनल

Asian Games 2026: कप्तान हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक के दम पर भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने सोमवार को पूल ए के आखिरी मुकाबले में बांग्लादेश को 10-0 से हरा दिया. भारी बारिश के बीच खेले गए इस मैच में भारत ने लगातार पांचवीं जीत दर्ज की.

Harmanpreet hat-trick crushes Bangladesh India semi-final against Pakistan
Image Source: Social Media

Asian Games 2026: कप्तान हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक के दम पर भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने सोमवार को पूल ए के आखिरी मुकाबले में बांग्लादेश को 10-0 से हरा दिया. भारी बारिश के बीच खेले गए इस मैच में भारत ने लगातार पांचवीं जीत दर्ज की. अब सेमीफाइनल में 1 अक्टूबर को भारत का सामना पाकिस्तान से होगा. दूसरे सेमीफाइनल में मलेशिया और दक्षिण कोरिया आमने-सामने होंगे.

भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 27वें, 40वें और 45वें मिनट में तीन गोल किए. शिलानंद लाकड़ा ने 44वें और 45वें मिनट में दो गोल दागे. वहीं अभिषेक ने तीसरे, जुगराज सिंह ने 22वें, सुखजीत सिंह ने 32वें, संजय ने 59वें और मनदीप सिंह ने 60वें मिनट में एक-एक गोल किया.

भारत की लगातार पांचवीं जीत

गत चैंपियन भारत ने टूर्नामेंट में इससे पहले इंडोनेशिया को 13-1, दक्षिण कोरिया को 8-2, सिंगापुर को 7-0 और जापान को 2-0 से हराया था. बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले के दौरान भी बारिश जारी रही, जिससे मैदान काफी गीला हो गया था. पानी के कारण खिलाड़ियों को दौड़ने और मूवमेंट में परेशानी का सामना करना पड़ा.

पाकिस्तान और ओमान के बीच मुकाबला बारिश के कारण 15 मिनट के लिए रोक दिया गया था. इसी वजह से भारत और बांग्लादेश का मैच भी करीब 30 मिनट की देरी से शुरू हुआ.

बांग्लादेश पर शुरू से दबाव

भारत ने मैच के तीसरे मिनट में ही पहला गोल कर बढ़त बना ली. संजय ने बांग्लादेश के सर्कल में अभिषेक को पास दिया. अभिषेक ने बायीं ओर से रिवर्स हिट लगाकर गेंद को गोल में पहुंचा दिया.

इसके बाद बांग्लादेश को 12वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला. अमीरूल इस्लाम ने ड्रैग फ्लिक के जरिए गोल करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने शानदार बचाव करते हुए गेंद को रोक दिया. इसके बाद भारत ने लगातार हमले जारी रखे और बांग्लादेश को कोई मौका नहीं दिया.

ये भी पढ़ें- 15 से ज्यादा गिरफ्तार, 7 पर FIR... उज्जैन शाही मस्जिद मामले में पत्थरबाजों पर पुलिस का तगड़ा एक्शन