जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के करनाह इलाके में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल बताए जा रहे हैं. मृतकों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं. हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
गंभीर घायलों को हंदवाड़ा किया गया रेफर
हादसे में घायल लोगों को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया. गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसी हंदवाड़ा रेफर किया गया है. हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और राहत दलों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में मदद की. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जताया दुख
कुपवाड़ा हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उपराज्यपाल ने जिला प्रशासन को घायलों को हर संभव और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.
पुंछ में भी हुआ था बड़ा सड़क हादसा
इससे पहले बीते महीने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के सुरनकोट के शेलधर इलाके में भी वाहन के गहरी खाई में गिरने से बड़ा हादसा हुआ था. उस दुर्घटना में दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग घायल हुए थे. घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस समेत अतिरिक्त एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन संसाधनों को मौके पर भेजा गया था. पुंछ के उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने छह लोगों की मौत और तीन लोगों के घायल होने की पुष्टि की थी.
सीएम उमर अब्दुल्ला ने भी जताई संवेदना
पुंछ हादसे पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी दुख जताया था. मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया कि सीएम ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों के लिए हर संभव चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. सीएमओ ने यह भी कहा कि पीड़ितों को हर संभव मदद पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारी लगातार संपर्क में हैं.
ये भी पढ़ें: आज ट्रेन से बिहार जा रहे हैं? 35 ट्रेनें कैंसिल, 33 का रूट बदला, घर से निकलने से पहले देखें अपडेट