PM Modi Man Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के जरिए देशवासियों को संबोधित किया. कार्यक्रम के 138वें एपिसोड में उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, जनगणना और अशोक सिंघल समेत कई मुद्दों पर बात की. आतंकवाद का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 28 सितंबर को सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत अब बदल चुका है और आतंकवाद के खिलाफ कड़ा जवाब देने की नीति पर आगे बढ़ रहा है.
पीएम मोदी ने कहा कि एक समय देश में सीरियल ब्लास्ट होना आम बात हो गई थी, लेकिन आज का भारत आतंकवाद को सहन नहीं कर सकता. उन्होंने कहा कि भारत ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है.
सर्जिकल स्ट्राइक से ऑपरेशन सिंदूर तक
‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि 28-29 सितंबर, 2016 को भारतीय सेना ने सीमा पार जाकर आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की थी. सेना के इस साहस ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा था.
Addressing the 138th Episode of Mann Ki Baat, Prime Minister Narendra Modi says, "...A major historical achievement of India is set to complete 10 years in just a day—the surgical strike. Ten years ago, on September 28–29, 2016, the Indian Army conducted a surgical strike on terrorist hideouts in Pakistan. The world was astonished by the manner in which our brave soldiers crossed the Line of Control (LoC) to take action against terrorism. The surgical strike boldly demonstrated a new example of India's counter-terrorism policy to the entire world. It served as our decisive response to the long-standing suffering India had endured due to terrorist attacks."
— ANI (@ANI) September 27, 2026
पीएम मोदी ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक के जरिए भारत ने दुनिया को साफ संदेश दिया कि आतंकवाद के खिलाफ उसकी नीति क्या है. उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में बालाकोट एयर स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक भारत ने कई मौकों पर यह स्पष्ट किया है कि अगर आतंकवादी भारत को निशाना बनाएंगे तो उन्हें करारा जवाब मिलेगा.
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ आगे बढ़ रहा है और इसके परिणाम भी देश देख रहा है.
पीएम मोदी ने जनगणना का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में जनगणना की प्रगति की जानकारी भी दी. उन्होंने कहा कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जनगणना का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है. अब तक 32 करोड़ से ज्यादा परिवारों की जानकारी दर्ज की जा चुकी है.
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में जनगणना की शुरुआत चमोली के माणा गांव से हुई. माणा को देश का पहला गांव कहा जाता है. पीएम मोदी ने जनगणना को हर नागरिक की जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से इसमें सहयोग करने की अपील की. उन्होंने याद दिलाया कि 15 अगस्त को भी उन्होंने देशवासियों से जनगणना के लिए समय निकालने की अपील की थी.
पीएम मोदी ने अशोक सिंघल को किया याद
प्रधानमंत्री ने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आज उनकी 100वीं जयंती है. अशोक सिंघल ने संस्कृति, समाज और राष्ट्र के लिए अपना जीवन समर्पित किया.
पीएम मोदी ने कहा कि अशोक सिंघल ने समाज में रहते हुए तपस्वी जैसा जीवन बिताया. उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन को दिशा और ऊर्जा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. प्रधानमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर के रूप में उस प्रयास का परिणाम दिखाई देता है.
ये भी पढ़ें- 'आतंकवाद के खिलाफ हमारी 'जीरो-टॉलरेंस' नीति', जयशंकर ने पाकिस्तान को रगड़ा, भारत देगा मुंहतोड़ जवाब