'पहली बार नक्सलवाद मुक्त दिवाली', बस्तर में जवानों के बीच पहुंचे पीएम मोदी, बोले- ये देश आपका ऋणी है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवाली के मौके पर छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ त्योहार मनाया. इस दौरान उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में जवानों के योगदान की सराहना की.

First-ever Naxalism-free Diwali PM Modi joins security personnel in Bastar
Image Source: Social Media

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवाली के मौके पर छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ त्योहार मनाया. इस दौरान उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में जवानों के योगदान की सराहना की. पीएम मोदी ने कहा कि यह पहली दिवाली है, जब देश नक्सलवाद से मुक्त हुआ है. उन्होंने कहा कि जवानों के बलिदान और समर्पण की वजह से कभी नक्सलवाद से प्रभावित रहे इस इलाके में अब विकास की नई शुरुआत हुई है.

प्रधानमंत्री ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके साथ बिताई गई हर दिवाली यादगार रही है. इस बार वह खुद जवानों के बीच दिवाली मनाने बस्तर पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि यह वही धरती है, जहां कभी नक्सली आतंक का डर था, लेकिन सुरक्षाबलों की मेहनत और बलिदान से अब यहां नक्सलवाद का अंत हुआ है.

जवानों को बताया अपना परिवार

पीएम मोदी ने कहा कि दिवाली रोशनी और खुशियों का त्योहार है. इस मौके पर करोड़ों भारतीय अपने परिवार के साथ खुशियां मनाते हैं. लोग त्योहार मनाने के लिए दूर-दूर से अपने घर लौटते हैं, लेकिन देश की सुरक्षा में तैनात जवान अपने परिवार से दूर रहकर ड्यूटी निभाते हैं.

उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर और देश के अंदर सुरक्षा करने वाले सभी जवान उनके परिवार का हिस्सा हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि वह जवानों के बीच सिर्फ दिवाली मनाने ही नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की तरफ से उनके त्याग और सेवा के लिए आभार जताने भी आए हैं.

आंतरिक सुरक्षा मजबूत होना जरूरी

प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी देश की सुरक्षा के लिए आंतरिक सुरक्षा का मजबूत होना बेहद जरूरी है. जब देश की अंदरूनी सुरक्षा मजबूत रहती है, तो बाहरी दुश्मन भी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाते. वहीं, आंतरिक सुरक्षा कमजोर होने पर बाहरी दुश्मनों को भी सिर उठाने का मौका मिलता है.

उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर सेना जिस तरह सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाती है, उसी तरह देश के अंदर तैनात सुरक्षाकर्मी भी अहम भूमिका निभाते हैं. जवानों ने देश की एकता और अखंडता के लिए कई बलिदान दिए हैं. उन्होंने अपने निजी जीवन में भी बहुत त्याग किया है. पूरे देश को अपने जवानों पर गर्व है.

जवानों को दी दिवाली की शुभकामनाएं

पीएम मोदी ने देशभर में तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि जवान चाहे देश के किसी भी हिस्से में तैनात हों, वे पूरी निष्ठा से देश की सुरक्षा कर रहे हैं. उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा.

प्रधानमंत्री ने कहा कि जवानों की सेवा, समर्पण और बलिदान के कारण ही देश सुरक्षित है. उन्होंने सभी जवानों को दिवाली की बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

ये भी पढ़ें- 'अयोध्या पर किसी मंथरा या मारीच की कुदृष्टि न पड़े', सीएम योगी ने निषाद समाज के साथ मनाई दिवाली