Kartik Purnima 2026: कार्तिक पूर्णिमा को हिंदू धर्म के सबसे पवित्र पर्वों में गिना जाता है. इस दिन गंगा स्नान, दान-पुण्य और भगवान विष्णु व भगवान शिव की पूजा करने की विशेष परंपरा है. मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धा से किए गए धार्मिक कार्यों का विशेष फल मिलता है. इसी दिन देव दीपावली भी मनाई जाती है, जब मंदिरों और नदी घाटों पर दीप जलाकर उत्सव मनाया जाता है. साल 2026 में यह पर्व 24 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा. आइए जानते हैं इसकी सही तारीख, शुभ मुहूर्त और पूजा से जुड़ी जरूरी बातें.
कार्तिक पूर्णिमा 2026 की तारीख और तिथि
पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर 2026 को रात 11 बजकर 42 मिनट पर शुरू होगी और 24 नवंबर को रात 8 बजकर 23 मिनट पर समाप्त होगी. हिंदू धर्म में उदयातिथि को महत्व दिया जाता है, इसलिए कार्तिक पूर्णिमा का पर्व 24 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा. इसी दिन पवित्र नदियों में स्नान, जरूरतमंदों को दान और शाम को दीपदान करना शुभ माना गया है.
कार्तिक पूर्णिमा पर बनेंगे शुभ योग
इस बार कार्तिक पूर्णिमा पर कृतिका नक्षत्र रहेगा. पंचांग के मुताबिक, शाम करीब 4 बजकर 6 मिनट तक परिघ योग रहेगा, जिसके बाद शिव योग शुरू होगा. धार्मिक मान्यताओं में शिव योग को पूजा-पाठ और शुभ कार्यों के लिए अच्छा माना जाता है. दिल्ली के पंचांग के अनुसार, 24 नवंबर को स्नान के लिए ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5:03 से 5:57 बजे तक रहेगा. चंद्रोदय शाम 5:01 बजे होगा, जबकि दीपदान का शुभ समय शाम 5:08 से 7:47 बजे तक रहेगा.
कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और दान का महत्व
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा, यमुना या अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने की परंपरा है. मान्यता है कि इस दिन पवित्र जल में स्नान करने से पापों से मुक्ति मिलती है और पुण्य की प्राप्ति होती है. जो लोग नदी तक नहीं जा सकते, वे घर पर नहाने के पानी में थोड़ा गंगाजल मिलाकर स्नान कर सकते हैं. स्नान के बाद अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों को अन्न, भोजन, गर्म कपड़े, कंबल या धन का दान करना शुभ माना जाता है. धार्मिक विश्वास है कि इस दिन किया गया दान सुख-समृद्धि का मार्ग खोलता है.
घर पर ऐसे करें भगवान विष्णु और शिव की पूजा
इस दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र धारण करें. इसके बाद तांबे के लोटे से सूर्यदेव को जल अर्पित करें. घर के मंदिर में भगवान विष्णु के सामने घी का दीपक जलाएं और पीले फूल चढ़ाएं. भगवान शिव का जल या कच्चे दूध से अभिषेक करें और दोनों देवताओं के मंत्रों का जाप करें. श्रद्धालु चाहें तो सत्यनारायण भगवान की कथा भी सुन या पढ़ सकते हैं. पूजा के बाद जरूरतमंदों को दान दें. शाम को घर के मंदिर, तुलसी के पौधे और मुख्य द्वार पर दीपक जलाकर दीपदान करें.
देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा का पौराणिक महत्व
कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है. पौराणिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध किया था. उसकी विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था. इसी परंपरा के तहत हर साल इस दिन मंदिरों और नदियों के किनारे दीप जलाए जाते हैं. वाराणसी के गंगा घाटों पर देव दीपावली का भव्य आयोजन होता है. धार्मिक ग्रंथों में इस तिथि को भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार से भी जोड़ा जाता है. इसलिए कार्तिक पूर्णिमा पर व्रत, पूजा, स्नान, दान और दीपदान का विशेष महत्व माना गया है.
ये भी पढ़ें- चुनरी, चूड़ियां, मेहंदी और सात फेरे... आखिर क्यों माता तुलसी का होता है दुल्हन की तरह श्रृंगार?